फैसला ऑन स्पॉट : सीएम ने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की हेड ड्राफ्समैन और लिपिक को किया निलंबित !

करनाल : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में जनता दरबार लगाकर आम लोगों की समस्याओं का निराकरण किया। जनता दरबार में मोहित कुरुक्षेत्र के गांव समालखी की शिकायत पर जल शक्ति अभियान 2019 के तहत करवाए गए कार्यों के समय पर बिलों का भुगतान नहीं करने पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की हेड ड्राफ्समैन सरिता व लिपिक मनोज कुमार को निलंबित करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में करीब 70 लोगों ने समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया तथा शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। दरबार में सड़कों की मरम्मत, चौड़ा करने, पुलिस कार्यवाही बारे तथा अवैध निर्माण को रोकने बारे भी अनुरोध किया। इसके अलावा कैंसर पीड़ित ने आर्थिक सहायता, रामनगर की गरीब महिलाओं ने मकान की मरम्मत करवाने, निगदू में पुस्तकालय खुलवाने बारे भी आवेदन दिया। मुख्यमंत्री के जनता दरबार में सुभाष चुचरा व अन्य निगदू वासियों ने गांव में पीएचसी बनाने पर मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया।