लोस अध्यक्ष ओम बिड़ला को विधायक सुधीर सिंगला ने दिया गुरुग्राम आने का न्यौता

-लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से मिले विधायक सुधीर सिंगला
-कुशलक्षेम जानने के साथ जिले की ताजा स्थिति से भी कराया अवगत
-लोस अध्यक्ष को गुरुग्राम आगमन का दिया निमंत्रण
गुरुग्राम: गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिंगला ने दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से मुलाकात की। उनका कुशलक्षेम जानने के साथ विधायक ने गुरुग्राम के ताजा हालातों की लोस अध्यक्ष को जानकारी दी। साथ ही उन्हें गुरुग्राम आने का निमंत्रण दिया। जिसे लोकसभा अध्यक्ष ने स्वीकार किया। निकट भविष्य में एक कार्यक्रम में वे शिरकत करेंगे। विधायक सुधीर सिंगला के साथ अखिल भारतीय युवा अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपक गुप्ता भी मौजूद रहे।
ओम बिड़ला के आवास पर मिलने पहुंचे विधायक सुधीर सिंगला ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से उनकी औपचारिक मुलाकात थी। विधायक के मुताबिक इस मुलाकात के दौरान लोस अध्यक्ष ने देशवासियों से अपील की है कि देश में अमन, शांति और भाईचारे को बनाकर रखें। किसी भी तरह के बहकावे में ना आएं। यह देश हम सबका है। इसके विकास के लिए हम सब एकजुट हों, यही भावना हमारे भीतर होनी चाहिए। विधायक सुधीर सिंगला ने कहा कि उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष को इस बात के लिए आश्वस्त किया कि राजधानी के साथ लगते गुरुग्राम में अब तक ना तो कोई ऐसी घटना हुई है, जिससे कि शर्मिंदगी महसूस हो। ना ही भविष्य में ऐसी घटना होगी। क्योंकि गुरुग्राम के लोग एकता व भाईचारे की भावना को सदा आगे रखते हैं। सभी विकास के पक्षधर हैं। गुरुग्राम में केंद्र और हरियाणा सरकार के सहयोग से जो विकास कार्य हुए हैं, वे एक मील का पत्थर हैं। विकास कार्य लगातार जारी भी हैं। शहर में फ्लाईओवर, अंडरपास के साथ-साथ गुरुग्राम के रास्ते दिल्ली से अलवर तक जो रैपिड रेल कॉरिडोर बन रहा है, वह यहां के विकास को और अधिक गति देगा। तीन-तीन मेट्रो रेल (दिल्ली मेट्रो, रैपिड मेट्रो और रैपिड रेल) सेवाओं वाला हरियाणा का पहला शहर गुरुग्राम होगा। यानी यहां ट्रांसपोर्ट के ऑप्शन साधन होंगे। रैपिड रेल कॉरिडोर बनने के बाद गुरुग्राम से राजस्थान की ओर जाने के लिए समय की भी बचत होगी।