नजफगढ़ में दिखा तेंदुआ, लोगों में दहशत !

नई दिल्ली : दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में एक तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद इस संबंध में वन विभाग ने अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी दिल्ली के उप वन संरक्षक नवनीत श्रीवास्तव ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया और उसमें एक जीवित पशु को रखा गया है। गुरुवार को ऐसे वीडियो सामने आए थे, जिसमें तेंदुआ एक आवासीय क्षेत्र के आसपास घूमता हुआ दिखा था। आबादी वाले क्षेत्र में तेंदुआ देखे जाने की वजह से लोग घबरा गए हैं और वन विभाग उसे पकड़ने में जुटा है।
विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सबसे पहले 27 जनवरी को सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए की तस्वीर कैद हुई थी। फिर एक वन अधिकारी ने भी इलाके में उसकी मौजूदगी की पुष्टि की। अधिकारी ने बताया कि 28 जनवरी को घुमानहेड़ा गांव में फिर तेंदुआ दिखा था और वह 29 जनवरी को भी नजफगढ़ नाले के निकट भी दिखा। उन्होंने बताया कि वन विभाग के अधिकारी क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं। उन्हें तेंदुए के पंजों के निशान मिले हैं लेकिन उसका पता नहीं चल पाया है।
वन विभाग के कर्मी नजफगढ़ और निकटतम क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की घोषणा कर रहे हैं। इस संबंध में पर्चे बांटे हैं और दीवारों पर पोस्टर भी चिपकाए हैं।