युवक को फोन कर घर से बुलाया, खेत में ले जाकर मार दी गोली !

गोहाना : अज्ञात युवकों ने बिचपड़ी निवासी अनिल (25) की गोली मारकर हत्या कर दी। अनिल के सिर और जांघ में गोलियां लगी हुई हैं। किसानों ने गेहूं के खेत में शव पड़ा होने की सूचना सरपंच को दी। सरपंच ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पहुंचाया। अस्पताल से शव को पोस्टमार्टम के लिए महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनाें को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक युवक के पिता ईश्वर सिंह की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि अनिल खेती का काम करता था। बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे गांव का ही युवक अमित और एक अन्य युवक अनिल को बुलाने के लिए आया था। उन्होंने अनिल को बाहर जाने से मना कर दिया, जिसके बाद अमित वहां से चला गया। इसके कुछ समय बाद अनिल के पास एक फोन आया। फोन पर बात करने के बाद अनिल बाहर चला गया।
देरशाम एक पुलिसकर्मी ने घर आकर अनिल की हत्या संबंधी जानकारी दी। जानकारी मिलने के बाद वे भी घटना स्थल पर पहुंच गए। परिजनों का कहना है कि अनिल और हमलावर युवकों के बीच झगड़ा भी हुआ था। झगड़े के कारण अनिल के कपड़े फटे हुए थे। हमलावरों ने अनिल का पीछा कर उसके सिर के पिछले हिस्से में गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। अनिल का शव ड्रेन की पटरी से कुछ दूरी पर गेहूं के खेत में पड़ा मिला।