जनता मांगे उप मंडल फर्रुखनगर : तभी तो एक ही छत के नीचे संभव हो सकेंगे सभी कार्य !

फर्रुखनगर (नरेश शर्मा) : नाम बडा दर्शन छोटे वाली कहावत फर्रुखनगर क्षेत्र के साथ चरितार्थ हो रही है। कहने को तो ब्लॉक, तहसील का दर्जा है लेकिन उप मंडल स्तरीय कार्यो के लिए पटौदी भागना पड़ रहा है। फर्रुखनगर खंड को दो विधानसभाओं में बांट कर इसकी ताकत कम कर दी गई। जिसका खामियाजा लोगों को लम्बा सफर तय करके भुगतना पड़ रहा है। दफ्तरों के चक्कर लगाना तो माने लोगों के भाग्य में लिख दिया गया है। अगर फर्रुखनगर उप मंडल बन जाये तो उनके सभी छोटे बडे कार्य एक ही छत के नीचे संभव हो सकेंगे।
वेद प्रकाश लम्बरदार सैहदपुर, परस राम शर्मा पातली हाजीपुर, राहुल सैनी फर्रुखनगर, दिनेश यादव गामडी, अशोक यादव धानावास, राहुल सोनी फर्रुखनगर आदि का कहना है कि फर्रुखनगर इलाका काफी पिछडा हुआ है। इसके उत्थान और सम्मान के लिए सरकार को उप मंडल का दर्जा देना चाहिए। उप मंडल की मुहिम क्षेत्रवासियों ने सही उठाई हुई है। किसी भी इलाके के विकास में क्षेत्र की जनता की एकता और तो जरुरी है ही साथ में जन प्रतिनिधियों की भागीदारी उस मुहिम में चार चांद लगा देती है। उप मंडल बनाने की मांग को लेकर चलाई जा रही मुहिम को जिस कदर जनप्रतिनिधियों का सहयोग मिल रहा है उससे प्रतीत होता है कि इस बार सफलता अवश्य मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि उप मंडल स्तरीय कार्यों के लिए लोगों को इधर उधर भटकने के सिवा कोई चारा शेष नहीं है।
गुरुग्राम-पटौदी में किसी काम के लिए जाते है तो वहा अधिकारी मिले या ना मिले इसकी कोई गारंटी नहीं है। कई बार हालत यह होती है कि अधिकारी नहीं मिलने के कारण पूरा दिन इंतजार करके निरास होकर खाली हाथ लौटना पड़ता है। फर्रुखनगर खंड के लोगों की हालत ज्यादा अच्छी नहीं है। रोजगार के साधन नहीं, कृषि के लिए भूमिगत पानी नमकीन है। जैसे तैसे करके लोग गुजारा कर रहे है। राजनितिक उपेक्षा का ही परिणाम है की फर्रुखनगर हल्के के 53 गांव 500 ढाणियों को तहसील, ब्लॉक, सीएचसी, डाक घर, कृषि दफतर, अनाज मंडी आदि स्तर पर गांवों का विभाजन करके सब तितर बितर कर रखा है। सारे दिन लोग अपने काम के लिए सफर तय करने में गुजार रहे है। जिसके चलते इलाके की जनता में भारी रोष बना हुआ है। उन्होंने कहा कि उप मंडल की मांग की मुहिम को लेकर सभी एक साथ खडे है। अगर धरना प्रर्दशन की जरुरत पड़ी तो वह इसके लिए भी पीछे नहीं हटेंगे।