किसानों में फूट: हरियाणा किसान यूनियन के अध्यक्ष चढूनी संयुक्त किसान मोर्चे से निलंबित, कांग्रेस नेता से 10 करोड़ लेने का आरोप !

नई दिल्ली : भारतीय किसान यूनियन के हरियणा अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी को संयुक्त किसान मोर्चा ने निलंबित कर दिया है। सूत्रों की मानें तो संयुक्त किसान मोर्चा की सबसे मुख्य 7 सदस्यीय कमेटी से भी चढूनी को निलंबित किया गया है। उन्हें 19 जनवरी को केंद्र सरकार से होने वाली बैठक से भी बाहर रखा जाएगा। आरोप है कि गुरनाम सिंह चढूनी ने रविवार को राजनीतिक पार्टियों के साथ दिल्ली में एक मीटिंग की थी। इसमें बीजेपी को छोड़कर बाकी विपक्षी पार्टियों के नेता शामिल हुए थे। इसी वजह से संयुक्त किसान मोर्चा ने उन्हें निलंबित कर दिया है।
दरअसल, केंद्र सरकार के तीन कृषि कानून के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर करीब 2 महीने से आंदोलन जारी है। इस बीच अब पहली बार किसानों में फूट नजर आई। चढूनी पर आंदोलन में कांग्रेस नेताओं को बुलाने का आरोप है। इसके अलावा उन पर दिल्ली में सक्रिय हरियाणा के एक कांग्रेस नेता से आंदोलन के नाम पर करीब 10 करोड़ रुपए लेने के का भी आरोप है। हालांकि, इन आरोपों को चढूनी ने खारिज किया है।
चढू़नी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच के लिए समिति बनाई गई है। समिति के सामने चढूनी को अपना पक्ष रखना होगा। जांच पूरी होने तक संयुक्त किसान मोर्चा की आंतरिक बैठकों और केंद्र सरकार के साथ होने वाली बैठक से चढूनी बाहर भी रहेंगे।