क्राइमहरियाणा

नशेबाज का कहर : पत्नी और तीन बेटियों को कमरे में बंद कर लगा दी आग !

रोहतक : नशे का विरोध करने पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन बेटियों को कमरे में बंद कर आग लगा दी। गनीमत रही कि पत्नी और बेटियां समय रहते दरवाजा तोड़कर बाहर निकल गई, जिसके बाद उनकी जान बची। आग लगाने के बाद आरोपित खुद भी मौके से फरार हो गया। पत्नी की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में तेज कालोनी की रहने वाली प्रमिला ने बताया कि उसका पति धर्मेंद्र शराब पीने का आदी है। जो अक्सर उसके और बच्चों के साथ मारपीट करता है। वीरवार देर शाम प्रमिला अपनी तीन बेटियों के साथ कमरे में लेटी हुई थी, तभी धर्मेंद्र वहां पर आया। वह नशे में धुत था। प्रमिला ने उसे नशा करने से रोका। इस पर आरोपित ने कमरे में आग लगी दी और दरवाजा बंद कर दिया। आरोपित खुद भी मौके से फरार हो गया। कुछ ही देर में आग पूरे कमरे में फैल गई। प्रेमिला और उसकी तीन बेटियों ने मदद के लिए आवाज लगाई, जिसके बाद आसपास के लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा गया और पूरे परिवार को बाहर निकाला।
तब तक कमरे में रखा सामान जलकर राख हो गया था। पता चलने पर पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपित की तलाश की जा रही है। जल्दी ही उसे पकड़ लिया जाएगा।