देशराजनैतिकहरियाणा

भाजपा कार्यालय संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ता संवाद और जनसेवा के संकल्प को नई मजबूती देगा : डॉ. अर्चना गुप्ता

-गुरुग्राम में ‘गुरु-कमल’ के द्वितीय तल पर स्थापित भाजपा महानगर जिला कार्यालय का प्रदेशाध्यक्ष ने किया विधिवत उद्घाटन
-हवन-यज्ञ में आहुति अर्पित कर की पूजा-अर्चना, कार्यकर्ताओं से किया संवाद
-सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं का दायित्व : डॉ. अर्चना गुप्ता
गुरुग्राम : भाजपा हरियाणा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यालय केवल बैठकों और प्रशासनिक कार्यों का स्थान नहीं, बल्कि संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं के आपसी संवाद, विचार-विमर्श और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण केंद्र होता है। भाजपा कार्यालय संगठन की गतिविधियों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को एकजुट करने, संगठनात्मक योजनाओं को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने और जनहित के कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रविवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय ‘गुरु-कमल’ के द्वितीय तल पर स्थापित गुरुग्राम महानगर जिला भाजपा कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने हवन-यज्ञ में आहुति अर्पित कर पूजा-अर्चना की तथा संगठन की निरंतर मजबूती और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्यालय की गतिविधियों के शुभारंभ पर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम, अंत्योदय और जनसेवा की भावना भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक पहचान है। इसी विचारधारा को आधार बनाकर प्रत्येक कार्यकर्ता को समाज के सभी वर्गों के साथ निरंतर संवाद स्थापित करना चाहिए तथा यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल, नियमित संवाद, सक्रियता और सामूहिक प्रयास ही संगठन को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि नया कार्यालय कार्यकर्ताओं के लिए एक साझा मंच के रूप में कार्य करेगा, जहां संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों के प्रभावी संचालन को नई दिशा मिलेगी।
प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों एवं कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं और आमजन के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती केवल कार्यालयों और बैठकों से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन, समर्पण और जनता के बीच उनकी उपस्थिति से सुनिश्चित होती है।
इससे पहले भाजपा कार्यालय ‘गुरु-कमल’ पहुंचने पर गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा , गुरुग्राम ज़िलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, गुरुग्राम महानगर ज़िलाध्यक्ष अजीत यादव एवं पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन राणा, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम महानगर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह, गुरुग्राम भाजपा ज़िलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा, वेद फुल्लां एवं सत्यप्रकाश जरावता, जिला प्रभारी राजकुमार वोहरा, जिला प्रभारी संदीप जोशी सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।