देशहरियाणा

राष्ट्र सेवा समिति ने लिया सात दिन में 11 लाख सूर्य नमस्कार का लक्ष्य

-30 जनवरी से 7 फरवरी तक क्रीड़ा भारती के 75 करोड़ सूर्य नमस्कार महोत्सव में हिस्सा लेगी राष्ट्र सेविका समिति की सेविकाएं
गुरुग्राम :राष्ट्र सेविका समिति हरियाणा प्रान्त संचालिका श्रीमती रजनी गुलाटी ने आज यह घोषणा की कि क्रीड़ा भारती के आह्वान पर सूर्य नमस्कार महोत्सव के 30 जनवरी से 7 फरवरी तक चलने वाले इस महायज्ञ में 11 लाख सूर्य नमस्कारों की आहुति राष्ट्र सेविका समिति की तरफ से समिति की सेविकाओं की रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि नारी परिवार की धुरी है,वह घर के सभी सदस्यों की जरूरतों को पूरा करती है। समय की मांग है कि वह सबके स्वास्थ्य का भी ध्यान रखे। इसलिए वह स्वयं तो सूर्य नमस्कार करेगी ही,साथ ही घर के हर सदस्य को भी प्रेरणा देगी और आग्रह पूर्वक करवाएगी।
प्रान्त कार्यवाहिका डॉक्टर अंजलि जैन ने बताया कि प्रान्त के सभी जिलों में समिति की कार्यकर्ता बहनें सक्रियता से तैयारी में जुट गई हैं।
6 फरवरी का दिन अधिकतम सूर्य नमस्कार का तय किया गया है। उस दिन अनेक स्थानों पर कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं। कोविड के नियमों का पालन करते हुए कार्यक्रम किए जाएंगे।
प्रान्त शारीरिक प्रमुख श्रीमती मनजीत यादव ने बताया कि शीघ्र ही प्रान्त की सभी सेविकाओं का पंजीकरण हो जाएगा।
30 जनवरी से 7 फरवरी तक प्रान्त की सभी सेविकाएं समाज के सभी वर्गों को साथ लेते हुए सूर्य नमस्कार महोत्सव में बढ़ चढ़ कर भाग लेंगी।