बिजली संकट से तुरंत निज़ात दिलाए सरकार: अमित स्वामी
रेवाड़ी : यंग मैन्स एसोसियेशन आफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा रेवाड़ी चैम्बर आफ कामर्स एवं इंडस्ट्री के पूर्व अध्यक्ष अमित स्वामी ने जिले व प्रदेश में व्याप्त बिजली कर्मचारियों द्वारा की गई हड़ताल से उठे भयंकर बिजली संकट से निज़ात दिलाने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा बिजली व ऊर्जा मंत्री अनिल विज को पत्र लिख कर मांग की है कि प्रदेश सरकार इस बिजली संकट से जनता को उबारने के लिए तुरंत कोई समाधान निकाले।
उल्लेखनीय है कि बिजली कर्मचारियों को हड़ताल से गत दो दिवस से शहर व ग्रामीण इलाके का बड़ा हिस्सा बिजली संकट से जूझ रहा है। साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में भी ऐसा ही बिजली संकट व्याप्त है। पत्र में अमित स्वामी ने लिखा कि दीपावली पर्व के दिनों में व्याप्त इस बिजली संकट के कारण व्यापारी वर्ग जहां बिजली संकट से आई परेशानी व दिक्कत से जूझ रहा है वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी इसका काफी असर पड़ रहा है। समाज का प्रत्येक वर्ग बिजली संकट से परेशान है। इसके अतिरिक्त बावल की बहुत सी औद्योगिक इकाईयां भी बिजली संकट से जूझ रही है। इसका समाधान प्रदेश सरकार को तुरंत करवाना चाहिए।
अमित स्वामी ने पत्र मेें लिखा कि बिजली आमजन के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है जिसके ना होने से आमजन को बहुत सारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए प्रदेश सरकार को तुरंत इस समस्या का समाधान करना चाहिए ताकि जनता को इस बड़ी समस्या से राहत मिल सके।
