पति को सबक सिखाने के लिए उसके ऑटो में रखा गांजा, राज खुला तो खुद जेल पहुंची पत्नी !
फरीदाबाद : पति अकसर घर लेट आता था। इससे पत्नी उस पर शक करती थी। इस कारण घर में लड़ाई भी होती रहती थी। परेशान होकर महिला ने पति को सबक सिखाने के लिए उसके ऑटो में गांजा रख दिया। पति के बजाय वही अपने बुने जाल में फंस गई। पुलिस ने षड्यंत्र रचने वाली पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
क्राइम ब्रांच 48 के अनुसार आरोपी महिला मूलरूप से यूपी के बदायूं की रहने वाली है। इस समय वह यहां एसजीएम नगर में रहती है। महिला ने पूछताछ में बताया कि उसका पति ऑटो चलाता है। वह अकसर रात को घर लेट आता है। कभी-कभी रात को आता ही नहीं। इससे वह पति पर शक करती थी। इस कारण दोनों में आए दिन झगड़ा होता रहता था। उसने पति को सबक सिखाने के लिए उसे किसी केस में फंसाकर जेल भिजवाने की साजिश रच डाली । वह दिल्ली में किसी पवन नाम के व्यक्ति से गांजा खरीदकर लाई। इसके बाद उसे पति के ऑटो में रख दिया। फिर इसकी सूचना पुलिस को दे दी।
पुलिस महिला के चाल को समझ गई। कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा ने आरोपी महिला को ऑटो में रखे गांजा सहित गिरफ्तार कर लिया। जबकि दिल्ली वाले पवन नाम के व्यक्ति की तलाश जारी है। आरोपी महिला से 700 ग्राम गांजा बरामद कर उसके खिलाफ एसजीएम नगर थाने में केस दर्ज किया गया है। महिला को कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया।