क्राइमहरियाणा

दर्दनाक : मासूम बेटे के साथ ट्रेन के आगे कूदा गेस्ट टीचर, दोनों की मौत !

सोनीपत : रोहतक निवासी गेस्ट टीचर ने अपने चार साल के बेटे के साथ बंदेपुर के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना के बाद पहुंची रेलवे पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। आत्महत्या की वजह घरेलू कलह बताया जा रहा है।
रोहतक जिला के गांव कुलताना निवासी कप्तान सिंह (34) दिल्ली के झाड़ोदा स्थित स्कूल में गेस्ट टीचर थे। वह रविवार को दोपहर बाद करीब तीन बजे अपने बेटे नमन (4) के साथ घर से निकले थे। देर रात को उन्होंने बंदेपुर के पास अपने चार साल के साथ कालका मेल के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
गेस्ट टीचर कप्तान ने अपने बेटे नमन के हाथ पर साले के नाम सहित ससुराल का पता लिखा था। बच्चे के हाथ पर पेन से लिखा है रोशन पुत्र बलवान, मुंडलाना। रोशन उसका साला है और मुंडलाना में कप्तान की ससुराल है। राठधना के रहने वाले एक परिवार ने दोनों के शव की पहचान की। जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि बंदेपुर में कप्तान की बुआ रहती है। यह बताया जा रहा है कि कप्तान अपने बेटे को साथ लेकर बुआ के घर आने के लिए निकला था लेकिन वह अपनी बुआ के घर भी नहीं पहुंचा। परिजन जब बंदेपुर पहुंचे तो हादसे की सूचना मिली।
सामान्य अस्पताल में शव लेने पहुंचे कप्तान के छोटे भाई कपिल ने बताया कि भाई व भाभी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। अंदेशा है कि इसी के चलते भाई ने यह कदम उठाया है। हालांकि परिजनों ने जीआरपी को दिए बयान में आत्महत्या के कारणों के बारे में फिलहाल कुछ भी कहने से इनकार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।