रोहतक अखाडा गोलीकांड : डेढ़ महीने पहले ही तीन पिस्तौल ले आया था हत्यारा सुखविंद्र !

रोहतक : जाट कॉलेज के अखाड़े में छह हत्याओं को अंजाम देने का प्लान आरोपी सुखविंद्र ने डेढ़ महीने पहले ही तैयार कर लिया था। पुलिस अधिकारियों की मानें तो आरोपी डेढ़ महीने पहले ही यूपी में जाकर तीन पिस्तौल लेकर आया था। इसके बाद से ही वारदात को अंजाम देने का प्लान बनाना शुरू कर दिया था।
पुलिस के अनुसार सुखविंद्र ने वारदात को अंजाम देने के तरीके और भागने की पूरी प्लानिंग पहले ही तैयार की थी। सूत्रों की मानें तो आरोपी जिस कार में सवार होकर हत्याओं को अंजाम देकर भागा वो भी आरोपी की खुद की नहीं थी। ये सुखविंद्र के एक दोस्त की थी। अपनी प्लानिंग के अनुसार सुखविंद्र ने अपने दोस्त की कार उस समय मांगी जब वो कई दिनों के लिए रोहतक से बाहर जा रहा था। इसके बाद सुखविंद्र ने उसकी कार का इस्तेमाल वारदात व वारदात के बाद भागने में किया।
12 फरवरी की शाम को जाट कालेज के अखाड़े में कोच सुखविंद्र ने कोच मनोज मलिक, प्रदीप मलिक, सतीश दलाल, मनोज मलिक की पत्नी साक्षी और महिला पहलवान पूजा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। गोली लगने से घायल मनोज मलिक के तीन वर्षीय बेटे ने भी चार दिन बाद दम तोड़ दिया था। जबकि मेहर सिंह अखाड़े के कोच अमरजीत का फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन है।
उसे भी गोली मारी गई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी सुखिंद्र को हथियार सप्लाई करने वाले यूपी के शामली जिले के गढ़ी निवासी मनोज को गिरफ्तार किया है। आरोपी फिलहाल पीजीआई में उपचाराधीन है। जिस कारण पुलिस उसे रिमांड पर नहीं ले पाई।