देशराजनैतिकहरियाणा

शांतिपूर्ण आंदोलन के नाम पर किसानों का हिंसा करना गलत : डाक्टर अरविंद शर्मा

रोहतक : भाजपा सांसद डाक्टर अरविंद शर्मा ने कहा कि किसानों के शांतिपूर्ण आंदोलन में असामाजिक तत्वों ने माहौल खराब कर हिंसा का रास्ता अपनाया है, जोकि गलत है। हिंसा से किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो सकता है। जिस तरह से असामाजिक तत्वों ने लाल किले पर झंड़ा फहराया है, वह गलत है और यह एक तरह से देश का अपमान है।
26 जनवरी को आंदोलन के दौरान किसानों द्वारा निकाली जा रही ट्रैक्‍टर परेड के दौरान हुई हिंसा को लेकर भाजपा सांसद डाक्टर अरविंद शर्मा ने कहा कि हिंसा करना गलत है। उन्होंने कहा किसान संगठनों ने ट्रैक्‍टर परेड के दौरान शांति बनाएं रखने का आश्वासन दिया था, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल खराब करने का प्रयास किया है। यह बात साफ है कि किसानों के कंधे पर बंदूक रखकर ओछी राजनीति की जा रही है। सासंद ने कहा कि किसान नेताओं ने भी माना है कि ट्रैक्‍टर परेड के दौरान असामाजिक तत्व घुस गए और उन्होंने ही हिंसा कर माहौल खराब किया है।