खेलमनोरंजनहरियाणा

केबीसी में अमिताभ बच्चन के सामने हाट सीट पर होंगी पद्मश्री डॉ.अरुणिमा सिन्हा !

फरीदाबाद : पद्मश्री पर्वतारोही डॉ.अरुणिमा सिन्हा सोनी टीवी चैनल पर शुक्रवार 11 दिसंबर को प्रसारित होने वाले केबीसी के कर्मवीर एपिसोड में अमिताभ बच्चन के सामने हाट सीट पर होंगी। इस दिन विश्व पर्वतारोहण दिवस है। गांव ताजुपुर की बहू अरुणिमा सिन्हा ने दैनिक जागरण से फोन पर बातचीत में बताया कि अमिताभ बच्चन के समक्ष बैठने से नर्वस हो गई थी, पर उन्होंने प्रेरित करते हुए उत्साह बढ़ाया माहौल को सामान्य किया, उसके बाद ही सवाल-जवाब का दौर शुरू हो सका।
अरुणिमा सिन्हा एक पैर के सहारे दुनिया की छह प्रमुख पर्वत चोटियों पर तिरंगा लहराकर विश्व कीर्तिमान स्थापित कर चुकी हैं और देश का नाम रोशन कर चुकी है।
डा.अरुणिमा सिन्हा ने बताया कि वह एपिसोड में जीती हुई राशि से दिव्यांगों के लिए विभिन्न उपकरण खरीदेंगी। वह स्वयं दिव्यांग हैं और भलीभांति समझती हैं कि आर्थिक स्थिति ठीक न होने के चलते कितनी परेशानी उठानी पड़ती है। सिन्हा ने बताया कि उनका सपना विशाल स्तर पर दिव्यांगों के लिए बड़ी यूनिट स्थापित करने का है, जहां दिव्यांगों के लिए जरूरी सभी कृत्रिम अंग उपलब्ध हों। इनके खाने-पीने, रहने की व्यवस्था हो और खेलकूद के लिए भी पूरे प्रबंध हों।
केबीसी में डा.अरुणिमा सिन्हा ने अपने जीवन की संघर्ष की कहानी बच्चन जी से साझा की और बताया कि किस-किस तरह से वह यहां तक पहुंची हैं। इस पर बच्चन ने भी अपने संघर्ष की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि वह किस-किस की परेशानी से गुजरते हुए आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं। डा.अरुणिमा के पति गौरव सिंह ने बताया कि एक और उपलब्धि से ताजुपुर गांव व फरीदाबाद जिले का नाम रोशन हुआ है। ग्रामीण भी इस एपिसोड को देखने के लिए उत्साहित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *