दिल्ली में महिला ने ही करा दी पति की हत्या, दोस्त सहित गिरफ्तार
नई दिल्ली : पश्चिमी दिल्ली के कापसहेड़ा थाना इलाके में एक शख्स की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पत्नी ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और फिर झांसे में लेकर पत्नी का दोस्त उसे लेकर एक सुनसान जगह पर गया। इसके बाद चाकू से उसपर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया। पुलिस ने मामले की छानबीन के दौरान आरोपित महिला व शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक घटना 22 अक्टूबर की है। पुलिस को किसी शख्स ने जानकारी दी कि बिजवासन इलाके के सालापुर खेड़ा में एमसीडी टोल टैक्स के पास खाली प्लॉट पर एक शख्स खून से लथपथ पड़ा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शख्स को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटनास्थल पर पुलिस को खून से सना ईंट भी मिला था।
एसएचओ अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम ने मामले की छानबीन शुरू की। छानबीन के दौरान पता चला कि मृतक का नाम भावानंद झा है। उनके परिवार में पत्नी और 11 साल का बच्चा है। पुलिस ने जब उनकी पत्नी से पूछताछ शुरू की और घटनास्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो बृजेश (22) नामक युवक के बारे में पता चला। छानबीन में पुलिस को पता चला कि बृजेश का भावानंद के घर आना जाना था। इसके बाद पुलिस ने बृजेश से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात कबूल की। बृजेश ने पुलिस को बताया कि मैं भावानंद के घर आता जाता था, जिसको लेकर भावानंद अक्सर अपनी पत्नी से झगड़ा करते थे। इससे परेशान होकर उसकी पत्नी ने ही बृजेश को भावानंद की हत्या करने की योजना बताई|