सोहना की अनाज मंडी में सियासी गर्मी, पूर्व मुख्यमंत्री ने दौरा कर सरकार को घेरा, बोले किसान बना दिया अपराधी
-सोहना अनाज मंडी में नेता विपक्ष का दौरा, किसानों-आढ़तियों से सीधा संवाद
-बोनस, मुआवजा और आसान खरीद व्यवस्था की मांग तेज
गुरुग्राम : रबी सीजन के बीच हरियाणा की मंडियां अब सियासी टकराव का नया मैदान बनती नजर आ रही हैं। सोहना अनाज मंडी में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सीधे तौर पर सरकार की खरीद व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि मौजूदा नीतियों ने किसान को “अपराधी जैसा महसूस” करने पर मजबूर कर दिया है। मंडी दौरे के दौरान हुड्डा ने किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर जमीनी हालात का जायजा लिया। बातचीत में सामने आई समस्याओं को आधार बनाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां राहत देने के बजाय परेशानी बढ़ा रही हैं।
हुड्डा ने ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’, गेट पास और बायोमेट्रिक सत्यापन जैसी व्यवस्थाओं को लेकर तीखी टिप्पणी की। उनका कहना था कि ये व्यवस्थाएं पारदर्शिता के नाम पर लागू जरूर की गई हैं, लेकिन जमीन पर ये किसानों के लिए सिरदर्द बन चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान को अपनी फसल बेचने के लिए कई स्तर की औपचारिकताओं से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रेशन, गारंटर, गेट पास और बायोमेट्रिक के चलते मंडियों में लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि इन जटिल प्रक्रियाओं का सीधा असर किसानों की आय पर पड़ रहा है। उनके अनुसार, देरी और अव्यवस्था के कारण किसान मजबूरी में अपनी फसल एमएसपी से नीचे बेचने को तैयार हो रहा है। हुड्डा ने कहा कि सरकार का दायित्व है कि वह एमएसपी पर सुचारू खरीद सुनिश्चित करे, लेकिन मौजूदा हालात इसके उलट दिखाई दे रहे हैं। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा भी इस दौरे में प्रमुखता से उठा।
हुड्डा ने सरकार से तत्काल विशेष गिरदावरी करवाने और प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्राकृतिक आपदा का असर है, दूसरी तरफ नीतिगत जटिलताएं, ऐसे में किसान दोहरी मार झेल रहा है। हुड्डा ने किसानों को एमएसपी के साथ-साथ अतिरिक्त बोनस देने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि कृषि क्षेत्र प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत किए बिना विकास की कल्पना अधूरी है। उन्होंने सरकार से अपील की कि मंडियों में व्यवस्थाएं दुरुस्त कर अनावश्यक शर्तों को खत्म किया जाए और खरीद प्रक्रिया को तेज किया जाए।
कांग्रेस का हमला तेज, वर्धन यादव हुए मुखर
मंडी दौरे के दौरान कांग्रेस के जिला ग्रामीण अध्यक्ष वर्द्धन यादव ने भी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने हितों के लिए नियम-कायदों को नजरअंदाज कर रही है और खेती-किसानी की मौजूदा व्यवस्था को कमजोर करने की दिशा में काम कर रही है। वर्द्धन यादव ने कहा कि प्रदेश की मंडियों में सरकारी खरीद “नाममात्र” रह गई है और जो खरीद हो भी रही है, उसमें किसानों को नई-नई शर्तों के जरिए परेशान किया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस ‘डबल इंजन सरकार’ का दावा किया जाता है, वही अब किसानों के लिए ‘डबल मार’ बनती जा रही है। यादव ने कहा कि नमी के नाम पर फसल के दाम में कटौती और खरीद में देरी जैसे मुद्दों ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
इस दौरान नूह से विधायक चौ.आफ़ताब अहमद, कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, जिला अध्यक्ष वर्धन यादव एवं पंकज डावर, पीसीसी मेम्बर महेश घोड़ारोप, कुलराज कटारिया, पंकज भारद्वाज, मुकेश शर्मा, कुलदीप गुर्जर, मनीष खटाना, मोहनलाल सैनी, रज्जू चेयरमैन, बीर सिंह खटाना, सूबे सिंह यादव, तिलक राज खुराना, अशोक उल्लावास, तिलकराज खुराना, राजेश यादव, हरेंद्र सहरावत सहित अनेकों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
