बदमाशों से सरकार कब तक बचाएगी खुद भी बचना सीखो: राव नरबीर सिंह
-चुनाव में वोट सोच-समझकर देें, नहीं तो पछताना पड़ेेेगा
-कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने मानेसर से बीजेपी प्रत्याशी सुंदर लाल यादव के समर्थन में किया चुनाव प्रचार
गुरुग्राम : मानेसर नगर निगम से भारतीय जनता पार्टी के मेयर प्रत्याशी सरपंच सुंदर लाल यादव के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने एक बार फिर से बदमाशी का मुद्दा उठाया। उन्होंने लोगों से कहा कि सरकार बदमाशों से कब तक बचाएगी, खुद भी बचना सीखो। बदमाशों की जमानत जब्त करवाकर सुंदर लाल को रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाना है। वे मेयर बनकर मानेसर क्षेत्र को तरक्की की राह पर ले जाएंगे।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने मेयर प्रत्याशी सरपंच सुंदर लाल के समर्थन में सोमवार को मानेसर नगर निगम क्षेत्र के गांव नखड़ौला, नवादा, ढोरका व वजीरपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जनता के पास वोट की ताकत बहुत बड़ी होती है। इसका सदुपयोग किया जाना चाहिए। जनता का वोट ही उसका भविष्य तय करता है। यह तय करता है कि उनका नुमाइंदा कैसा होगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अब वह समय बीत गया है जब जनता को बहकाकर उसका वोट गलत लोग ले लेते थे। आप सब समझदार हैं। दो मार्च को पूरी समझ के साथ ही अपना वोट डालना है। भारतीय जनता पार्टी ने मानेसर को सुंदर लाल के रूप में मजबूत प्रत्याशी दिया है। जो अपने क्षेत्र के विकास को बुलंदियों पर लेकर जाएंगे।
अपराधिक प्रवृति वाले आगे आएंगे तो विकास की बजाय विनाश होगा: सुंदर लाल
भाजपा के मेयर प्रत्याशी सरपंच सुंदर लाल ने इन जनसभाओं में कैबिनेट मंत्री के कथन को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि मानेसर की देवतुल्य जनता इस बात का विशेष ख्याल रखे कि कोई अपराधिक प्रवृति वाला नगर निगम चुनाव में आगे ना बढऩे पाए। ऐसा होता है तो जनता विकास की बजाय विनाश की तरफ पहुंच जाएगी। लोगों की जमीनों पर अवैध कब्जे होंगे। लोग अपने हकों की आवाज तक नहीं उठा पाएंगे। उन्होंने कहा कि मानेसर क्षेत्र बहुत ही महत्वपूर्ण है। यहां दुनियाभर की कंपनियों के कारखाने हैं। यहां का विकास बहुत ही मायने रखता है। मानेसर के औद्योगिक क्षेत्र सहित यहां के ग्रामीण क्षेत्र में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराकर मानेसर को और बेहतरी से विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देवतुल्य जनता उन्हें आशीर्वाद देकर नगर निगम पहुंचाए। वे यह वायदा करते हैं कि क्षेत्र की सेवा में दिन-रात खड़े रहेंगे।
सरपंच सुंदर लाल ने कांकरौला में चुनावी जनसभा में मुख्यमंत्री के आगमन का आभार जताते हुए कहा कि उनके आगमन से उन्हें और अधिक मजबूती मिली है। मानेसर की जनता पूरी तरह से भाजपा के पक्ष में खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाली 2 मार्च को मानेसर में जनता अधिक से अधिक वोटों से कमल खिलाने का काम करेगी। चाहे देश को या प्रदेश या फिर अपना मानेसर, कमल ही विकास की पहचान है। उन्होंने कहा कि मानेसर नगर निगम क्षेत्र का विकास ही उनका प्राथमिकता रही है और रहेगी। मानेसर नगर निगम बनने के बाद यह निगम का पहला चुनाव है। इस चुनाव को हर तरह से हमें ऐतिहासिक बनाना है। अधिक से अधिक मतों से कमल का फूल खिलाकर विरोधियों की जमानत जब्त करवानी है।