भाजपा सरकार फेल, आम आदमी पार्टी से है जनता को उम्मीदें: डा. निशांत आनंद
-डोर-टू-डोर चुनाव प्रचार के माध्यम से जनता को जागरुक कर रहे हैं प्रत्याशी
गुरुग्राम : गुडग़ांव विधानसभा से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी डा. निशांत आनंद (एडवोकेट) अपने डोर-टू-डोर चुनाव प्रचार के माध्यम से क्षेत्र की जनता को अपनी पार्टी की नीतियों से अवगत करा रहे हैं, वहीं भाजपा सरकार के समय को कुशासन नाम देकर उससे छुटकारा पाने की बात कह रहे हैं।
आप प्रत्याशी डा. निशांत आनंद (एडवोकेट) ने कहा कि आम आदमी पार्टी से देश को उम्मीदें हैं। देश जानता है कि आप की सरकार जनहित की सरकार है। जनहित में फैसले लेती है। एक आम आदमी के लिए सबसे कठिन काम अपने बच्चों, परिवार को अच्छी शिक्षा, अच्छी चिकित्सा दिलाना होता है। बिजली, पानी के भारी-भरकम बिल घर का बजट बिगाड़ देते हैं। हर गरीब, हर आम परिवार की इस समस्या को देखते हुए आम आदमी पार्टी की सरकारों में इन सुविधाओं को मुफ्त किया गया है। इससे लोग अपना जीवन सुगमता से जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने लोगों को मिल रही इन सुविधाओं पर भी सदा ऐतराज किया गया है। जनता ने भाजपा को इसका जवाब भी दिया है। जिस तरह से दिल्ली की सत्ता पर काबिज होने के लिए भाजपा तड़प रही है, उसी तरह से अब भविष्य में भाजपा हरियाणा में भी सरकार बनाने के लिए तरस जाएगी। क्योंकि इस बार जनता बड़ा बदलाव करने जा रही है। भाजपा के भूतकाल से सबक लेकर हरियाणा की जनता भविष्य में कोई गलती नहीं दोहराएगी।
आप प्रत्याशी डा. निशांत आनंद (एडवोकेट) ने कहा कि कहने को तो गुडग़ांव देश की राजधानी के साथ लगता है, लेकिन यहां राजधानी की सीमा बदलते ही बदहाली नजर आने लगती है। टूटी सडक़ें, सडक़ों पर भरा गंदा पानी स्वागत करता है। 10 साल के शासन में भी अगर कोई सरकार किसी शहर का समग्र विकास नहीं कर पाती है वह जनता का विश्वास हार जाती है। जनता उसे नकार देती है। ऐसा ही भाजपा के साथ हो रहा है। गुरुग्राम में परेशानियों से त्रस्त जनता भाजपा को कोस रही है। उन्होंने गुडग़ांव की जनता से अपील की है कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनाकर गुडग़ांव का समुचित विकास का रास्ता बना ले। ग्राउंड स्तर पर पार्टी विकास के काम करके जनता को सुविधाएं देगी।