700 बेड के अस्पताल की सौगात जल्द : जीएल शर्मा

-सीपीडब्ल्यूडी को सौंपा निर्माण का जिम्मा, औपचारिकताएं पूरी कर अगले चार से पांच महीने के भीतर होगा शिलान्यास
-शहर में 40 स्थानों पर बनेंगे हेल्थ वेलनेस सेंटर, जगह चिन्हित
गुरुग्राम : भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हरियाणा डेयरी सहकारी प्रसंघ के पूर्व चेयरमैन जीएल शर्मा ने कहा कि शहर में 700 बिस्तर के अतिआधुनिक अस्पताल का सपना जल्द ही पूरा होगा। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री मनोहर लाल गुरुग्राम में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने न केवल 700 बेड के अस्पताल बल्कि शहर को स्वास्थ्य के क्षेत्र में अन्य सौगातें देने का भी लक्ष्य तय किया हुआ है। मुख्यमंत्री ने शहर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की अपनी प्रतिबद़्धता दोहराते हुए अन्य योजनओं की जानकारी भी साझा की है। जीएल शर्मा ने अपने सेक्टर 15 स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री की ओर से तय की गई शहर की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की योजनाओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की करनी और कथनी में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने हरियाणा एक-हरियाणवी एक का नारा गढकर पूरे प्रदेश का समान विकास किया है। उनके विकास की गति देखकर विपक्ष तलमिलाया है। आने वाले चुनावों में विपक्ष के सारे सपने धराशायी होंगे और भाजपा एक फिर देश और प्रदेश में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाकर सत्ता पर काबिज होगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के साथ मुख्यमंत्री से कई अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। जिनके लिए उन्होंने अधिकारियों को स्थाई समाधान करने के निर्देश दिए हैं।
केलोनिवि करेगा अस्पताल का निर्माण
जीएल शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री से जब शहर में 700 बेड के अस्पताल पर चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि चार से पांच महीने में अस्पताल निर्माण की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएगी। स्वयं मुख्यमंत्री ने यह बताया कि कि अस्पताल के निर्माण के लिए केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (केलोनिवि) को शॉट लिस्ट कर लिया गया है। कुछ औपचारिकताओं के बाद उसे वर्क अलॉट कर दिया जाएगा। शर्मा ने कहा कि केलोनिवि देश की सबसे बड़ी विकास एजेंसियों में शुमार हैं। इसके निर्माण की गुणवत्ता का कोई सानी नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि केलोनिवि अस्पताल का नक्शा और डिजाइन तैयार करा रहा है। नक्शा और डिजाइन तैयार होने के बाद अस्पताल का निर्माण शुरू होगा। नवंबर या दिसंबर में अस्पताल का शिलान्यास होगा।
सेक्टरों में बनेंगे 30 बेड के क्लीनिक
जीएल शर्मा ने बताया कि शहर के विस्तार और लगातार बढ रही आबादी के लिहाज से आने वाले दिनों में शहरवासियों को सरकार की ओर से पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। स्वयं मुख्यमंत्री इसके लिए गंभीर है। मुख्यमंत्री ने भी माना है कि इतने बडे शहर में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार समय की जरूरत है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए उन्होंने शहर के सेक्टरों में 30 बेड के छोटे अस्पताल बनाने की योजना तैयार की है। योजना के अनुसार हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के पास अस्पताल, क्लीनिक या नर्सिंग होम के लिए पहले से आरक्षित जमीन पर स्वास्थ्य सेवाएं शुरू की जाएंगी। योजना के शुरूआती चरण में सेक्टर 40 और 45 का चयन किया गया है। यहां एक-एक करोड़ रुपये की लागत से जल्द ही 30-30 बेड के क्लीनिक बनाकर उन्हें स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया जाएगा। ताकि लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए सीधे नागरिक अस्पताल का रुख न करना पड़े। जीएल शर्मा ने कहा कि इससे अस्पताल में आने वाले मरीजों की भीड़ में कमी आएगी। लोगों को घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
कॉलोनियों में क्लीनिक की सौगात
जीएल शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं का माइक्रो स्तर पर विस्तार करने के लिए सरकार ने कॉलोनियों में प्राइमरी हेल्थ सेंटर की स्थापना की है। शहर में 21 स्थानों पर अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। ये सेंटर राजीव नगर, फिरोज गांधी कॉलोनी, लक्ष्मण विहार, मोलाहेड़ा, ओमनगर, खांडसा, गांधी नगर, राजेंद्र नगर, बसई, शीतला कॉलोनी, सूरत नगर, चौमा, नाथूपुर, नहारपुर रूपा, सुखराली, तिगरा, चंद्रलोक, पटेलनगर, फाजिलपुर, सेक्टर 58 और मानेसर में हैं।
शहर में बनेंगे 40 वेलनेस सेंटर
आने वाले दिनों में 40 हेल्थ वेलनेस सेंटर और स्थापित किए जाएंगे। इनकी सूची तैयार कर ली गई है। बसई, सरस्वती एंक्लेव, डीएलएफ फेज एक, सेक्टर 27 में बिहारी मंडी, नरसिंहपुर ढाणी, गुप्ता कॉलोनी, गंगा विहार, टिकरी ढाणी, पीजीसी जाटव चौपाल, मनोहर नगर, हीरा नगर, शक्ति पार्क, नरसिंहपुर, अंजना कॉलोनी, भीमगढ़ खेड़ी, सूर्य विहार, खोह गांव, नहरापुर कासन, धर्म कॉलोनी, नितिन विहार, डूंडाहेड़ा, सेक्टर 33, शिवाजी नगर, शिव मंदिर नाथूपुर, पहाड़ी ऐरिया, अर्जुन नगर, हरी नगर, भीमनगर, सराय, प्रेम नगर, शनि मंदिर राजेंद्र पार्क, मियांवाली, शनि मंदिर सरहौल, प्रेम नगर, सुखराली एंक्लेव, राम नगर, टेकचंद नगर, सेक्टर 47, 56, 54 और घासौला गांव में ये सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। जल्दी ही यहां भी सामान्य बीमारियों के मरीज का ईलाज यहां हो सकेगा।
कुल मिलाकर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए भाजपा सरकार पूरी तरह वचनबद्ध है। साढे आठ साल के कार्यकाल में मुख्यमंत्री ने प्रदेश का समान विकास किया है। आज हरियाणा में 17 राष्ट्रीय राजामार्ग बनकर तैयार हुए हैं। पुराने राजमार्गों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। लोगों को हर घर नल से जल मिल रहा है। प्रदेश् के यशस्वी मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार ने हर वर्ग का ध्यान रखते हुए उनके लिए जनकल्याणकारी योजनाएं बनाकर उन्हे अमलीजामा पहनाया। सबसे बड़ी बात यह सरकार ने प्रदेश में नौकरियों की बदरबांट बंद कर दी। प्रदेश के युवाओं को योग्यता के आधार पर बिना पर्ची-बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां प्रदान की है। इस मौके पर उनके साथ भाजयुमो के राष्ट्रीय मीडिया कॉरडिनेटर सुमित शर्मा, सीएम विंडो एनिमेंट सिटीजन महेश वशिष्ठ, प्रवीन खटाना, अमित शर्मा भी मौजूद रहे।