होंडा ने नौरंगपुर में किया सामाजिक विकास केंद्र का श्रीगणेश !

गुरुग्राम : देश की अग्रणी टू व्हीलर निर्माता कंपनी होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने नौरंगपुर गांव में होंडा सामाजिक विकास केंद्र की स्थापना की है। सोमवार को इस केंद्र का विधिवत तौर पर उद्घाटन किया गया। लगभग 1.5 लाख वर्ग फुट क्षेत्रफल में स्थापित इस केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं से लेकर अन्य सामाजिक जरूरतों के अनुसार सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। सोमवार को उद्घाटन कार्यक्रम में कंपनी के ऑपरेटिंग हेड सत्यप्रकाश पाटिल ने बताया कि इस परिसर में 40 बेड़ों का अस्पताल के साथ वूमेन हेल्थ ग्रुप व योगा और स्किल्ड सेंटर भी बनाया गया है। साथ ही खेलकूद के लिए बॉक्सिंग टेबल टेनिस बैडमिंटन आदि इंडोर गेम्स की व्यवस्था की गई है।
होंडा इंडिया फाउंडेशन के चेयरमैन अत्सुशी ओगाता और को-चेयरमैन ताकुया त्सुमुरा ने सोमवार को क्षेत्र के सरपंचों व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में केंद्र का उद्धघाटन किया। इसके साथ ही सभी सामाजिक गतिविधियों की जानकारी घर बैठे उपलब्ध कराने के लिए होंडा इंडिया फाउंडेशन की वेबसाइट लांच की। चेयरमैन ओगाता ने कंपनी की सामाजिक भागीदारी के संबंध में प्रकाश डालते हुए कहा कि होंडा की विकास यात्रा की शुरुआत हरियाणा से हुई है, इसलिए हरियाणा के सामाजिक विकास में योगदान करना कंपनी की प्राथमिकता है। उन्होंने हरियाणा को हरि का हरियाणा बताया। साथ ही भरोसा दिलाया कि हमसब मिलकर भारत के विकास में सम्पूर्ण योगदान करते रहेंगे।
कंपनी के ट्रस्टी विनय ढींगरा ने कहा कि कंपनी की सीएसआर एक्टिविटी से अब तक हरियाणा के 20 लाख लोग लाभान्वित हो चुके हैं। उन्होंने कोरोना काल में किए गए सामाजिक कार्यों की भी जानकारी दी। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी सभी तरह का सहयोग करने का क्षेत्र के लोगों को भरोसा दिलाया। इस मौके पर विशेष तौर पर उपस्थित नोरंगपुर के सरपंच प्रदीप कुमार ने सामाजिक विकास के लिए कंपनी को भी सभी तरह का सहयोग करने का भरोसा दिलाया।