भाजपा के आठ साल के शासन में प्रदेश के ढांचागत और औद्योगिक विकास को मिली रफ्तार : जीएल शर्मा

-जो काम 48 सालों में नहीं हुए, मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सशक्त नेतृत्व ने आठ साल में कर दिखाए
गुरुग्राम : भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा ने कहा कि मौजूदा समय में हरियाणा के सफर में विकास की नई गाथाएं जुड़ रही हैं। जो काम पिछले आठ साल में नहीं हो पाए, मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सशक्त नेतृत्व ने आठ साल में कर दिखाए। प्रदेश की 56 साल की यात्रा में प्रदेश के लिए भाजपा शासन के आठ साल सबसे महत्वपूर्ण साबित हुए हैं। प्रदेश इसी रफ्तार से विकास की गति पर दौड़ते हुए आने वाले समय में नई ऊंचाईयां हासिल करेगा। जीएल शर्मा प्रदेश के गठन के 56 साल पूरे होने पर अपने निवास पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर जीएल शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ सरकार के आठ साल पूरे होने और प्रदेश की 57वीं वर्षगांठ की बधाई भी दी।
उन्होंने कहा कि भाजपा के आठ साल के शासन में प्रदेश के ढांचागत और औद्योगिक विकास को रफ्तार मिली है। भाजपा के शासन में यह रफ्तार निरंतर जारी रहेगी। पिछले आठ सालों में हरियाणा में सड़कों का जाल बहुत तेजी के साथ बिछा है। नेशनल व स्टेट हाईवे के अलावा जिलों को आपस में जोड़ने वाले लिंक मार्गों की हालत में भी अप्रत्याशित ढंग से सुधार हुआ है। सड़कों के सुधारीकरण के कारण ही प्रदेश के औद्योगिक विकास में बढ़ोतरी हुई है। औद्योगिक विकास से हरियाणा को विश्व मानचित्र पर अलग पहचान मिली है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश को विकास के रनवे पर लाकर ऐसा दौड़ाया कि आज ढांचागत विकास में हरियाणा कई मध्यम व बड़े राज्यों को पीछे छोड़ रहा है।
कुल बजट का 34.4 प्रतिशत पूंजीगत व्यय-
जीएल शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने साल 2022-23 के लिए इस बार एक लाख 77 हजार 255.99 करोड़ रुपये का बजट पेश किया है। यह बजट पिछले वर्ष से 15.6 प्रतिशत अधिक है। क्योंकि इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (ढांचागत विकास) उज्जवल भविष्य के लिए निवेश माना जाता है, इसलिए सरकार ने 61 हजार 57 लाख करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय का प्रविधान किया है, जो कि कुल बजट का 34.4 प्रतिशत है।
पिछले वर्षो के बजट में पूंजीगत खर्च 30 प्रतिशत से अधिक कभी नहीं गया। यह पहला मौका है, जब पूंजीगत खर्च बढ़ाए गए हैं और राजस्व खर्च में कटौती कर उन्हें 70 से कम कर 65.6 प्रतिशत पर लाया गया है। यह राज्य के विकास की रफ्तार और अर्थव्यवस्था के लिए अच्छा संकेत है।
सपने हो रहे साकार-
जीएल शर्मा ने कहा कि मनोहर लाल के नेतृत्व में भाजपा सरकार ढाई करोड़ प्रदेशवासियों के सपने साकार कर रही है। आने वाले समय में कुछ ऐसी परियोजनाएं प्रदेश के विकास को आगे बढ़ाएगी जिनसे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। खरखौदा में मारुति तीसरे प्लांट की नींव रखी जा चुकी है। पहले फेज में 2025 में सालाना 2.50 लाख गाड़ियां बनाई जाएंगी। 2026 से दूसरे फेज पर काम होगा, जो 2028 में पूरा होगा। इसके बाद सालाना 10 लाख गाड़ियों का निर्माण होगा। यह दुनिया का पहला ऐसा प्लांट होगा, जहां एक ही जगह सबसे ज्यादा गाड़ियों का निर्माण होगा। यहां पर 800 एकड़ में मारुति की गाड़ियों और 100 एकड़ में सुजुकी की बाइक का प्रोजेक्ट लग रहा है।
ग्लोबल सिटी
प्रदेश की आर्थिक राजधानी गुरुग्राम में करीब एक हजार एकड़ जमीन में ग्लोबल सिटी बनने वाली है, जो दुबई और सिंगापुर की तर्ज पर विकसित होगी। यहां दुबई के बुर्ज खलीफा और सिंगापुर के यूनिवर्सल स्टूडियो की तर्ज पर कोई आइकोनिक (प्रतिनिष्ठित) बिल्डिंग भी बनाई जाएगी।
सबसे बड़ी जंगल सफारी, आवास की चिंता होगी दूर
गुरुग्राम और नूंह में 10 हजार एकड़ क्षेत्र में दुनिया की सबसे बड़ी जंगल सफारी बनेगी। फिलहाल दुनिया की सबसे बड़ी शारजाह सफारी पार्क दो हजार एकड़ में फैला है, लेकिन हरियाणा की जंगल सफारी इससे पांच गुणा बड़ी होगी। हरियाणा सरकार ने आवास की चिंता करते हुए 10 लाख से भी अधिक लोगों को आशियाना उपलब्ध करवाने की योजना तैयार की है। सरकार लोगों को आशियाना देने के लिए पांच नए शहर बसाएगी। यह पांचों शहर कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस के दोनों तरफ बसेंगे। 2.5 लाख हेक्टयेर में नए शहर बसाने की योजना है। हिसार में प्रदेश का पहला एयरपोर्ट बन रहा है। सात राज्यों के 11 प्रमुख शहरों के लिए यहां से सीधी उड़ान शुरू होगी। 2023 में एविएशन-हब काम करना शुरू कर देगा। गुरुग्राम में हेलीहब बनाने के लिए भी हरियाणा की ओर से केंद्र से सहयोग मांगा गया है।
ये परियोजनाएं बनेंगी मील का पत्थर-
-सोनीपत के बडही में 161 एकड़ भूमि में रेल कोच रिपेयर फैक्टरी का निर्माण
-70 हजार करोड़ की लागत से सराय कालेखां-करनाल और सराय-कालेखां से अलवर बार्डर के बीच रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम कनेक्टिविटी परियोजना
-पलवल-सोनीपत और सोहाना-मानेसर के लिए 5618 करोड़ की लागत से हरियाणा आर्बिटल रेल कारिडोर
-रोहतक में एलिवेटिड रेलवे लाइन का काम पूरा तथा कुरुक्षेत्र एलिवेटिड रेलवे लाइन का काम आरंभ
-नरेला से कुंडली, सोनीपत हुडा सिटी सेंटर-रेलवे स्टेशन-सेक्टर 22, साइबर सिटी फरीदाबाद व गुरुग्राम व रेजांगला चौक से सेक्टर 21 द्वारका तक दिल्ली मेट्रो विस्तार को मंजूरी
-इस्माइलाबाद-नारनौल ट्रांस हरियाणा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे का निर्माण पूरा
-दिल्ली-वडोदरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे निर्माण जल्द
– रेवाड़ी के माजरा में एम्स की सौगात