हरियाणा में दो बच्चो की हत्या कर महिला ने लगाई फांसी
टोहाना : गांव सुखमनपुर में मायके आई एक 28 वर्षीय महिला ने शुक्रवार दोपहर को अपने दुधमुंहे बेटे तथा 3 वर्षीय बेटे शिवांश का गला चुन्नी से घोंट दिया। इसके पश्चात खुद पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना मिलने पर डीएसपी, एसएचओ सदर, सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतकों की पहचान संजू (28), उसके 3 वर्षीय पुत्र शिवांश व दो माह के एक पुत्र के रूप में हुई है। संजू की शादी खैरातीखेड़ा गांव निवासी पुलिस कांस्टेबल नरेश के साथ हुई थी। नरेश इन दिनों हिसार में तैनात है और दोनों पति-पत्नी का आपस में किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था। इसके चलते संजू अपने दूसरे बच्चे के जन्म के पश्चात करीब 2 महीने से अपने दोनों बच्चों के साथ मायके गांव सुखमनपुर में रह रही थी। शुक्रवार दोपहर को संजू परिजन खरीददारी करने के लिए रतिया में आ गए। इसी दौरान संजू और नरेश की फोन पर बात हुई और दोनों का फिर से झगड़ा होने की बात परिजनों द्वारा कही जा रही है। झगड़े के बाद संजू ने गला घोंटकर अपने दोनों पुत्रों की हत्या कर दी और फिर स्वयं भी कमरे में ही फांसी का फंदा लगा लिया।