लाकडाउन में घाटा : गेस्ट हाउस की छत से छलांग लगाकर कारोबारी ने दी जान !
फरीदाबाद : सेक्टर-31 में तिमंजिला गेस्ट हाउस की छत से छलांग लगाकर कारोबारी ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान आइपी कालोनी निवासी आरके सिंह के रूप में हुई है। गेस्टहाउस के जिस कमरे में कारोबारी ठहरा हुआ था, वहां टेबल से पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया है। इसमें बृजेश यादव नाम के व्यक्ति पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने की बात लिखी है। पुलिस ने सुसाइड नोट और आरके सिह के बेटे नितेश सिंह की शिकायत पर बृजेश यादव व पप्पू नाम के व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
नितेश सिंह ने बताया कि उनके पिता आरके सिंह आइसक्रीम की फैक्ट्री चलाते थे। लाकडाउन के दौरान कारोबार में काफी घाटा हो गया था। इसके बाद उन्होंने बेकरी का काम शुरू किया। बेकरी के लिए बृजेश यादव से मशीनें लीं। आरोप है कि बृजेश ने उन्हें खराब मशीनें बेच दीं, जिससे उन्हें और अधिक घाटे का सामना करना पड़ा। जब भी आरके सिंह बृजेश से इस संबंध में शिकायत करते थे तो वह उन्हें धमकी देता था। नितेश ने बताया है कि उनके पिता का पप्पू नाम के एक व्यक्ति से प्लाट को लेकर भी विवाद चल रहा था। पप्पू भी उन्हें प्रताड़ित करता था। नितेश के अनुसार शनिवार को उनके पिता पप्पू से मिलने की बात कहकर ही शाम को घर से निकले थे। इसके बाद एक बार उनकी फोन पर बात भी हुई थी। सुबह पुलिस ने उन्हें आरके सिंह के सेक्टर-31 में गेस्टहाउस की छत से छलांग लगाने की सूचना दी, तो वे मौके पर पहुंचे।
सेक्टर-31 थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि आरके सिंह ने शनिवार शाम गेस्टहाउस में कमरा बुक कराया था। रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे आवाज सुनकर गेस्टहाउस के कर्मचारी बाहर निकले तो उन्हें आरके सिंह फर्श पर पड़े दिखे। गेस्टहाउस के जिस कमरे में आरके सिंह ठहरे हुए थे। उसमें भी काफी खून फैला हुआ था और वहीं एक छुरी भी पुलिस को मिली। उनके हाथ व गर्दन पर छुरी से काटे जाने के निशान मिले हैं। आशंका है कि आरके सिंह ने पहले हाथ व गर्दन की नसें काटकर आत्महत्या की कोशिश की। इसके बाद छत पर जाकर छलांग लगाई। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि गेस्टहाउस ने एक सीसीटीवी फुटेज भी दी है, जिसमें आरके सिंह को छलांग लगाते हुए दिख रहे हैं, हालांकि फुटेज काफी धुंधली है। पुलिस ने आत्महत्या के एंगल से मामले की जांच शुरू कर दी है।