हरियाणा के 12 शहरों में रजिस्ट्री घोटाला !

चंडीगढ़ : हरियाणा में मनोहर सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान एक दर्जन शहरों में हुई जमीन की रजिस्ट्री में भारी गड़बड़ियां सामने आई हैं। मंडल आयुक्तों द्वारा की गई जांच में साठ से अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हैं। माना जा रहा है कि अगले सप्ताह प्रदेश सरकार इन दागी कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है। मंडल आयुक्तों ने यह कार्रवाई उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के निर्देश पर की है।
हरियाणा में लॉकडाउन के दौरान कई जिलों में बगैर एनओसी के रजिस्ट्री करने का मामला सामने आया था। इस मामले में कार्रवाई के साथ-साथ उपमुख्यमंत्री एवं राजस्व मंत्री दुष्यंत चौटाला ने सभी जिला उपायुक्तों तथा मंडल आयुक्तों को वर्ष 2017 से अब तक हुई रजिस्ट्री की जांच करने के निर्देश दिए थे। यह अवधि मनोहर सरकार के पहले कार्यकाल की थी। उस समय राजस्व विभाग कैप्टन अभिमन्यु के पास था।
दुष्यंत चौटाला के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए अम्बाला, हिसार, करनाल, गुरुग्राम तथा रोहतक के मंडल आयुक्तों ने वर्ष 2017 से लेकर अब तक हुई रजिस्ट्री के रिकार्ड की जांच की तो उनमें भारी अनियमितताएं मिली हैं। सूत्रों के अनुसार करनाल व गुरुग्राम के मंडल आयुक्तों द्वारा पिछले सप्ताह जांच रिपोर्ट दाखिल कर दी गई थी। रोहतक के मंडल आयुक्त ने इसी सप्ताह जांच रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी है। हिसार व अम्बाला मंडल आयुक्तों द्वारा भी सोमवार को रिपोर्ट भेजी जा रही है। इस रिपोर्ट में 60 से अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों को दागी माना गया है। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने विभागीय अधिकारियों को मंडल आयुक्तों के पास से आई रिपोर्ट का रिव्यू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।