पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर ने भाजपा को भी कहा अलविदा !

पानीपत: इन दिनों भाजपा नेता एवं कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर ने आज भाजपा भी छोड़ दी है। अब उनकी पहचान ही पार्टी छोड़ने वाले नेता की हो गई क्योंकि वे हरियाणा के सभी दलों में रह चुके हैं। इस बार उन्होंने किसानों के समर्थन में भाजपा को अलविदा किया है। कहा है कि वह पार्टी से छुट्टी ले रहे हैं तथा किसानों के साथ रहेंगे।
बसपा से अपनी राजनीतिक करिअर की शुरुआत करने वाले भरत सिंह छौक्कर ने बाद में कांग्रेस पार्टी का झंडा उठा लिया। भूपेंद्र सिंह हुड्डा की बदौलत टिकट भी मिल गया। वह चुनाव जीत गए। लेकिन अगला चुनाव आते-आते उनके नंबर कट गए। 2009 में कांग्रेस ने संजय छोक्कर को टिकट दे दिया। इस बात पर वह नाराज हो गए। उन्होंने पार्टी छोड़ दी। समालखा से तब की हरियाणा जनहित कांग्रेस यानी हजकां की टिकट पर चुनाव लड़ रहे धर्म सिंह छौक्कर का समर्थन कर दिया। धर्म सिंह छौक्कर जीत भी गए। इस दौरान भरत सिंह हजकां के अध्यक्ष कुलदीप बिश्नोई से भी मिले।
कुछ समय बाद इनका हजकां से भी मोह भंग हो गया। हजकां को बाय-बाय करने के बाद इन्होंने राजकुमार सैनी का समर्थन कर दिया। राजकुमारी सैनी भाजपा को छोड़कर अपनी पार्टी बना चुके थे। पर देखा कि राजकुमार सैनी के साथ रहने का फायदा नहीं है तब उन्होंने पिछले चुनाव में भाजपा का दाम थामा। हालांकि इससे पहले भी वह भाजपा में रह चुके थे। इस बार उन्हें उम्मीद थी कि पार्टी उन्हें टिकट देगी पर ऐसा नहीं हुआ। फिर भी पार्टी में बने रहे। पर अब किसान आंदोलन का तर्क देते हुए भाजपा को अलविदा बोल दिया है।