जनता मांगे उपमंडल फर्रुखनगर : क्षेत्रवासियों ने बिगुल फूंका, सौंपेंगे ज्ञापन !

फर्रुखनगर (नरेश शर्मा) : खंड फर्रुखनगर को उपमंडल बनाने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने बिगुल फूंक दिया है। जिसके चलते क्षेत्र में पंचायतों का दौर शुरु हो गया है। जल्द ही मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा जाएगा। क्षेत्रवासियों का कहना है कि उनकी मांग पर सरकार ने कोई संज्ञान नहीं मिला तो अनिश्चितकालीन धरना शुरु करने के लिए भी विवश हो सकते है।
खंड के गांव अलिमुदीनपुर के ग्राम विकास संगठन कार्याकर्ताओं पंचायत समिति सदस्य महेश यादव, सुनील कुमार, जोनी कुमार, हिम्मत यादव, सुनील यादव, महेश यादव, दिनेश शर्मा, चमन लाल, दिवेंश कुमार बिरहेडा, आदि ने बताया कि जब गांवों को तहसील, उप मंडल, विधान सभा का दर्जा दिया जा सकता है तो फर्रुखनगर ब्लॉक की उपेक्षा क्यों की जा रही है।
फर्रुखनगर ब्लॉक में 53 ग्राम पंचायते, 500 से अधिक ढ़ाणियों के अलावा ऐतिहासिक शहर फर्रुखनगर भी आता है। उप मंडल बनने से इसका फायदा खंड के सभी निवासियों को होगा। लोगों को एसडीएम स्तर के प्रशासनिक कार्य के लिए 25 से 30 किलोमीटर का सफर तय कर गुरुग्राम , पटौदी नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय के साथ आर्थिक फायदा भी होगा। कई बार पटौदी में एसडीएम न मिलने पर लोगों को बैंरग लौटना पड़ता है। फर्रुखनगर उप मंडल बनने के बाद यहां लघु सचिवालय भी बनेगा। जिसमें एक छत के नीचे लोगों को सभी अधिकारी मिलेंगे। अभी ये विभिन्न विभागों के अधिकारी इधर- उधर बैठ रहे हैं। लोगों को लाइसेंस, आरसी, कोर्ट केस सहित कई तरह की सुविधा मिलने लगेगी। फर्रुखनगर को उप मंडल बनाने की मांग क्षेत्र के लोग दो दशक से करते आ रहे है। लेकिन सरकार द्वारा क्षेत्र की जनता की मांग को अनदेखा किया जा रहा है। जो राजनितिक उपेक्षा ही नहीं बल्कि इलाके की तौहीन भी है। इसकों किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फर्रुखनगर को उप मंडल बनाने की मुहिम के तहत अलिमुदीनपुर के ग्रामीण मुख्यमंत्री व सांसद, विधायक के नाम एक दो दिन में ज्ञापन देकर मांग रखेंगे।