मिलेनियम सिटी के 45 हजार लोगों को नये साल में मिलेगा अपना आशियाना !

गुरुग्राम : नया साल गुरुग्राम के लोगों के लिए खुशियां लेकर आ रहा है। वर्ष 2021 में मिलेनियम सिटी में रहने वाले 45 हजार लोगों को अपना आशियाना मिल जाएगा। अफोर्डेबल हाउसिंग 20 और 150 अन्य प्रोजेक्ट पूरे हो रहे हैं। ये प्रोजेक्ट पूरे होने के बाद लोगों को घर दिए जाएंगे। कॉलोनाइजरों ने फ्लैट निर्माण की रिपोर्ट वरिष्ठ नगर योजनाकार विभाग को सौंप दी है। आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस शहर में रहने वाला हर व्यक्ति अपने घर का सपना देखता है। इस सपने को पूरा करने के लिए सरकार की ओर से अफोर्डेबल हाउसिंग योजना शुरू की गई है। वहीं, निजी तौर पर बड़े-बड़े कॉलोनाइजर लोगों को उनकी सुविधा के अनुसार फ्लैट के रूप में घर बनाकर देते हैं, जिससे हर व्यक्ति को शहर में घर मिल सके। इसी के चलते जिले में 40 अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट चल रहे हैं, जिनमें से 20 प्रोजेक्ट पूरे होने वाले हैं और इनमें 25000 हजार फ्लैट तैयार हैं। नए साल में ये फ्लैट लोगों को दे दिए जाएंगे। इसके अलावा 150 कॉलोनाइजरों की ओर से भी विभिन्न प्रोजेक्ट पूरे किए जा रहे हैं। ये प्रोजेक्ट भी वर्ष 2021 में पूरे हो रहे हैं। इनमें करीब 20 हजार फ्लैट हैं, जिन्हें लोगों ने पांच से सात साल पहले बुक कराया था। उन्हें भी नए साल में घर दे दिए जाएंगे। कॉलोनाइजरों ने बताया कि फ्लेट देने की प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी।