हरियाणा में डीएसपी के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर बैंककर्मी ने ठगे 14 लाख रुपये !

यमुनानगर : डीएसपी के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर यमुनानगर निवासी मंजू रानी से 14 लाख रुपये की ठगी हो गई। आरोप करनाल के लैंड मोरगेज बैंक में कार्यरत महावीर प्रसाद व उसकी पत्नी मीनाक्षी पर लगा है।
आरोपी ने राजनीतिक पहुंच होने की बात कह मंजू को झांसे में लिया। जिससे वह उसके प्रभाव में आ गई। पहले उसकी छोटी बहन को डीसी रेट पर कोऑपरेटिव बैंक में लगवाया। बाद में उसे डीएसपी के पद पर लगवाने का झांसा दिया। इसके नाम पर 14 लाख रुपये हड़प लिए। बाद में पता लगा कि इस तरह की कोई परीक्षा नहीं हो रही है। जिस पर ठगी का पता लगा। जब आरोपित से पैसे वापस मांगे, तो वह मुकर गया। उल्टा मंजू के साथ अभद्रता की। परेशान होकर उसने एसपी कार्यालय में शिकायत दी। सदर यमुनानगर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया।
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, मंजू वर्ष 2017 में पानीपत के गांव काबड़ी में वोकेशनल टीचर के पद पर कार्यरत थी। उस दौरान वह पानीपत में किराये के मकान में रहती थी। जहां आरोपित महावीर प्रसाद का आना जाना था। इस दौरान वह उसके संपर्क में आई। आरोपित अपनी राजनीतिक पहुंच बताता था। कई बार उसने अपने रिश्तेदारों के कुछ काम भी कराए। जिससे मंजू को उस पर विश्वास हो गया। इस बीच आरोपित ने मंजू से कहा कि वह उसकी बहन को डीसी रेट पर लगवा देगा। बाद में उसे पक्का करा देगा। इसके लिए पांच लाख रुपये मांगे। यह पैसा देने के बाद मंजू की बहन को कोऑपरेटिव बैंक यमुनानगर में लगवा दिया।
मंजू ने बताया कि आरोपित मूल रूप से कैथल का रहने वाला है। आरोपित ने उनसे कहा कि वह उसे डीएसपी के पद पर लगवा देगा। केवल एक परीक्षा देनी होगी। आगे की प्रक्रिया वह देख लेगा। इसके लिए आरोपित ने 40 लाख रुपये की मांग की। 20 लाख रुपये पहले मांगे। किसी तरह से उन्होंने जुगाड़ कर वर्ष 2018 में आरोपित को 14 लाख रुपये दे दिए। इस बीच उनकी बहन की नौकरी छूट गई। उसे बिना किसी नोटिस के नौकरी से हटा दिया गया। इसके बाद उन्हें आरोपित पर शक हुआ। बाद में जब पता किया, तो जानकारी मिली कि आरोपित इसी तरह से लोगों को ठगते हैं। जिस डीएसपी पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे लिए गए थे। वह भर्ती सरकार ने निकाली ही नहीं। इस पर आरोपित से पैसे वापस मांगे, तो वह टाल मटोल करने लगा। बाद में पंचायतें हुई। जिसमें उसने चेक दिए। जब यह चेक बैंक में लगाए, तो बाउंस हो गए। बाद में आरोपित से इस बारे में बात की, तो वह जान से मारने की धमकी देने लगा।