मानेसर नगर निगम के पहले आयुक्त बने विनय प्रताप सिंह

गुरुग्राम: राज्य सरकार ने मानेसर नगर निगम का गठन करने पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त विनय प्रताप सिंह को मानेसर नगर निगम आयुक्त का भी अतिरिक्त प्रभार दिया है।
अब उम्मीद जताई जा रही है कि अन्य पदों पर भी जल्द ही अधिकारियों की नियुक्ति होगी। राज्य सरकार ने बृहस्पतिवार को मानेसर नगर निगम के गठन के प्रस्ताव को हरी झंडी दी थी और राज्यपाल ने नगर निगम के गठन की अधिसूचना जारी की थी। मानेसर नगर निगम जिले का दूसरा नगर निगम व छठा स्थानीय निकाय है।
खास बात यह भी है कि पटौदी विधानसभा क्षेत्र का यह तीसरा स्थानीय निकाय है। मानेसर नगर निगम आबादी एवं क्षेत्रफल के मामले में गुरुग्राम नगर निगम से छोटा है। इस क्षेत्र की आबादी करीब तीन लाख है, जबकि गुरुग्राम नगर निगम की आबादी 10 लाख से अधिक है। क्षेत्र में 29 गांवों को शामिल किया गया है।