हरियाणा में सात स्‍थानीय निकायों में 60 फीसद से अधिक वोटिंग, परिणाम 30 को

चंडीगढ़ : रविवार को प्रदेश के सात शहरी निकायों में हुए मतदान में पंचकूला, सोनीपत और अंबाला नगर निगमों समेत सातों शहरी निकायों में लगभग 60 फीसद मतदान ही हुआ। पांच नगर निगमों के बाद दो साल बाद तीन नगर निगमों में सीधे मतदान के जरिये मेयर व पार्षदों के चुनाव हुए हैं।
पंचकूला में 54.01 फीसद लोगों ने मतदान किया। सोनीपत नगर निगम में भी मतदान फीसद उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। यहां 57 फीसद वोट पड़े, जबकि अंबाला नगर निगम में 56.3 फीसद लोगों ने अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल किया है। उम्मीद की जा रही थी कि सोनीपत व अंबाला में काफी मतदान होगा, लेकिन ऐसा हो न सका।
मतदाताओं की उदासीनता के साथ-साथ ठंड और तेज हवाओं को लोगों के घरों से मतदान के लिए नहीं निकलने का बड़ा कारण माना जा रहा है। उकलाना नगर पालिका में 79.2 फीसद वोट पड़े हैं, जबकि सांपला नगर पालिका में 81.4 फीसद तथा धारूहेड़ा नगर पालिका के अध्यक्ष व पार्षदों के चुनाव के लिए 73.8 फीसद लोगों ने मतदान किया है।
रेवाड़ी नगर परिषद में 70 फीसद लोगों ने वोट डाले हैं। राज्य चुनाव आयुक्त डा. दलीप सिंह के अनुसार 30 दिसंबर को मतों की गिनती होगी और उसी दिन दोपहर तक नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। राज्य में 11 नगर निगम हैं। दो नगर निगमों गुरुग्राम व फरीदाबाद के चुनाव सबसे पहले हो चुके हैं। पांच नगर निगमों रोहतक, करनाल, हिसार, यमुनानगर व पानीपत में दो साल पहले प्रत्यक्ष मतदान के जरिये हुए चुनाव में भाजपा ने क्लीन स्वीप किया था। तीन नगर निगमों के चुनाव रविवार को हुए हैं, जबकि 25 दिसंबर को सरकार ने मानेसर को नया 11वां नगर निगम बनाया है।