हरियाणा के गुहला-चीका के पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर पर लगा दुष्कर्म का आरोप !

कैथल : गुहला-चीका के पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर पर चीका के वार्ड 14 निवासी महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पूर्व विधायक के दोनों बेटों पर भी जान से मारने की धमकी देने समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। महिला ने इसकी शिकायत एसपी लोकेंद्र सिंह को और सीएम विंडो पर दी है। मामला जानने के बाद एसपी ने भी मामले में संबंधित क्षेत्र के थाना प्रभारी को जांच करने के आदेश दे दिए हैं। वहीं पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने महिला व उसके परिवार के साथ रुपयों का लेनदेन बताते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है।
चीका के वार्ड 14 निवासी गुरुचरण सिंह की पत्नी ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि उसका पति साल 2002 से विदेश में रह रहा था। अब उसका लड़का भी अमेरिका गया हुआ है। जनवरी 2006 में कुलवंत को बतौर चालक रखा गया था और उसके पति के विदेश जाने के बाद वे उससे कामकाज भी कराने लगे। आरोप लगाया कि कुलवंत ने वर्ष 2007 से 2019 तक पीड़िता का शारीरिक शोषण किया। इतना ही नहीं 2007 में कुलवंत ने उन्हें विश्वास में लेकर मकान की पॉवर ऑफ अर्टोनी भी अपने नाम करा ली। अब कुलवंत ने पीड़िता के मकान से लगते प्लॉट पर भी नाजायज कब्जा कर लिया है। फिलहाल वह उसके मकान में ही रह रहा है और उसने प्लॉट खाली करने से भी इंकार कर दिया है। जब उसने कुलवंत को मकान खाली करने के लिए कहा तो उसने व उसके दोनों लड़कों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
मामले में आरोपी कुलवंत बाजीगर का कहना है कि महिला द्वारा उन पर जो आरोप लगाए गए हैं, वे बेबुनियाद हैं। उन्हें राजनीतिक षडय़ंत्र के तहत बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। जबकि मामला रुपयों के लेनदेन का है। महिला व उसके पति ने उनकी बेटी की शादी में पैसे लिए थे। उन्होंने अपने लड़के को भी अमेरिका भेजा था। अब उन्होंने 15 लाख रुपए लौटाने हैं। दो तीन दिन पहले रिश्तेदार बुलाए गए थे और पंचायती तौर पर एक माह का समय मांगा था। जिस मकान में वे रह रहे हैं, वह उनका खुद का है और उन्हीं लोगों से 5 लाख 67 हजार रुपए का प्लॉट खरीदा था। यौन शोषण किए जाने के आरोप सिर्फ उनकी छवि को खराब करने का प्रोपेगेंडा है।