अंबाला की सेंट्रल जेल में भी शुरू होगी ‘रेडियो चौपाल’

अम्बाला : अब अंबाला सेंट्रल जेल में भी रेडियो चौपाल शुरू होगी। इस चौपाल का जनवरी 2021 के पहले हफ्ते में शुभारंभ होगा। रेडियो चौपाल में क्या-क्या विषय रखे जाएंगे जेल प्रशासन ने इसकी लिस्ट तैयार करनी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है रेडियो चौपाल में कैदी-हवालातियों को कानून प्रक्रिया संबंधित मामले व उनके मनोरंजन संबंधित बारे में चर्चा होगी।
यह चौपाल कई सत्रों में होगी। हर सत्र में एक नया विषय होगा जिसमें कैदी-हवालाती जेल अधिकारियों से प्रश्न पूछेंगे। दरअसल, जेल में बंद कैदियों के पास हमेशा उनके मामले, प्रक्रिया या कानून से संबंधित कई सवाल होते हैं, लेकिन वो सवाल बस उनके मन में ही दबकर रह जाते हैं। क्योंकि उन्हें उनके सवालों को पूछने के लिए उचित मंच नहीं मिलता। ऐसे में इन कैदियों को अब एक ऐसा उचित मंच मिलेगा।
जेल अधिकारियों के मुताबिक रेडियो चौपाल के अंतर्गत फिलहाल कैदियों को कानूनी जानकारी देने के लिए कुछ विषय चुने जाएंगे। जिसमें जमानत, पैरोल, फरलो, जेल में अच्छे व्यवहार के फायदे, जेल के कानून व अन्य विषयों पर जानकारी दी जाएगी। वहीं, जरूरत पड़ने पर कैदियों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित अधिकारी को भी इस रेडियो कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। इस तरह कैदी इसमें अपने मन में उठ रहे प्रश्न भी पूछ सकेंगे। उसके लिए उन्हें अपने अधीक्षक को पहले अपने सवाल लिख कर देने होंगे। बता दें अंबाला की सेंट्रल जेल में हरियाणा के अलावा पंजाब, हिमाचल, राजस्थान, यूपी, उत्तराखंड आदि जगहों के अलग-अलग मामलों में करीब 1103 कैदी व बंदी हैं।