मेवात में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, छह लोग घायल

फिरोजपुर झिरका: शहर के वार्ड 9 में देर रात मामूली कहासुनी को लेकर दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में छह लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। विवाद इतना बढ़ा कि वार्ड पुलिस छावनी में तबदील नजर आने लगा।
पुलिस को दी अपनी शिकायत में डूडोला जिला पलवल निवासी मुनीष ने बताया कि उनका विवाह हाल ही में फिरोजपुर झिरका में हुआ था। वे शुक्रवार की शाम अपनी पत्नी को मायके मिलाने आए थे। जब वो अपने घर की ओर निकला तो यहां 30 से 40 लोगों ने उन पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से उनकी गाड़ी को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर उनसे 20 हजार रुपये नकद व सोने की चेन लूट ली। हमले में उन्हें तथा उनके परिजनों को को गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने मुनीष की शिकायत पर दो लोगों को नामजद आरोपित बनाते हुए विभिन्न धाराओं में कुल 32 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामला दर्ज होने के बाद से ही सभी आरोपित फरार हैं।
फिलहाल एक पक्ष की तरफ से शिकायत दी गई है। मौके पर डीएसपी व थाना प्रबंधक सहित सिटी चौकी प्रभारी नजर आए। दूसरे पक्ष के लोगों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उक्त लोग उनके घर की लड़कियों का वीडियो बना रहे थे, जिसको लेकर यह झगड़ा हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को शिकायत दी गई लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत लेने से इनकार कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *