हरियाणा में घटने लगे कोरोना केस, ठीक होने वालों की दर बढ़कर हुई करीब 94 प्रतिशत

चंडीगढ़ : हरियाणा में कोरोना से ठीक होने वालों की दर बढ़कर 94 प्रतिशत के करीब हो गई है। वहीं अब राज्य में मरीजों की संख्या 72 दिनों में डबल हो रही है। एक और राहत की बात यह है कि अब रोजाना पॉजिटिव मिल रहे मरीजों की संख्या भी लगातार कम हो रही है और मरने वालों का आंकड़ा भी कुछ कम हो रहा है।
प्रदेश में पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 2 लाख 47 हजार 389 हो गया है। इनमें से 2 लाख 32 हजार 108 ठीक हो चुके हैं। 24 घंटों के दौरान 1409 नये पॉजिटिव केस मिले हैं और इस दौरान 1557 ठीक हुए हैं। प्रदेश में 17 और मरीजों की जांच संक्रमण की वजह से गई है। हिसार में 4, कैथल, झज्जर, फतेहाबाद व भिवानी में 2-2 तथा गुरुग्राम, अम्बाला, सोनीपत, रोहतक व जींद में 1-1 व्यक्ति की जान गई है।
हरियाणा में महामारी की वजह से अभी तक 2638 की जान जा चुकी है। वहीं 313 मरीजों की स्थिति क्रिटिकल है। इनमें से 272 ऑक्सीजन बैड पर हैं तो 41 वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। प्रदेश में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 12 हजार 643 हैं। 10 लाख लोगों पर 1 लाख 51 हजार 564 के टेस्ट हो रहे हैं। मंगलवार को 35 हजार 383 लोगों के सैम्पल लेकर जांच के लिए भेजे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *