मेवात के तीनों कांग्रेसी विधायकों ने किया ‘भारत बंद’ का समर्थन

नूह : कृषि कानूनों के विरोध में विभिन्न किसान संगठनों के आह्वान पर आठ दिसंबर के भारत बंद का कांग्रेस के तीनों विधायकों ने समर्थन किया है। इस बाबत सोमवार को फिरोजपुर झिरका के विश्राम गृह में आयोजित एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए तीनों विधायकों ने भाजपा-जजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वो दिल्ली जा रहे किसानों को हिरासत में लेकर परेशान कर रही है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जायगा।
हरियाणा कांग्रेस विधायक दल के उप नेता एवं नूंह से विधायक आफताब अहमद ने कहा किसानों के हितों को दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि कानूनों पर चर्चा हेतु कांग्रेस पार्टी ने सरकार से विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है। सत्र के दौरान कृषि कानून पर चर्चा के साथ ही सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मांग रखी जाएगी। पूर्व मंत्री एवं पुन्हाना के विधायक मोहम्मद इलियास ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के बंद का पूर्णता: समर्थन करती है। मंगलवार को होने वाले बंद को लेकर कांग्रेस पार्टी किसानों के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेगी। प्रेसवार्ता के दौरान फिरोजपुर झिरका के विधायक मामन खान इंजीनियर ने कहा कि केंद्र के कृषि कानूनों का कांग्रेस पार्टी पुरजोर करती है। इस कानून को वापस करवाने के लिए तमाम कांग्रेसी कार्यकर्ता किसानों के साथ खड़े हैं। वहीं, तीनों विधायकों ने पेट्रोल-डीजल के निरंतर बढ़ते दामों को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *