आइएएस रानी नागर ने वापस लिया इस्तीफा, हरियाणा नागरिक संसाधन सूचना विभाग में नई नियुक्ति

चंडीगढ़: करीब सात माह पहले अपने पद से इस्तीफा देने वाली हरियाणा कैडर की 2014 बैच की आइएएस अधिकारी रानी नागर ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। हालांकि सरकार ने अभी तक रानी नागर के इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया था। बीते माह 11 नवंबर से रानी नागर को नई पोस्टिंग के इंतजार में रखा गया था। सोमवार को उन्हें नागरिक संसाधन सूचना विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
रानी नागर ने अपना त्यागपत्र मई माह में तत्कालीन मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा को भेजा था, जिसमें उन्होंने इसके कारण के रूप में सरकारी ड्यूटी के दौरान अपनी निजी सुरक्षा पर खतरे का उल्लेख किया था। उन्होंने अपने त्यागपत्र की प्रति अपने निजी फेसबुक और ट्विटर अकाउंट पर भी अपलोड कर दी थी। इसके बाद हरियाणा सरकार ने रानी नागर का त्यागपत्र केंद्र सरकार को भेज दिया।
एक आरटीआइ के जवाब में तब यह पता चला कि हरियाणा सरकार ने केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय से रानी नागर का त्यागपत्र स्वीकार करने के बजाय उन्हें अपने गृह राज्य उत्तर प्रदेश में इंटर कैडर ट्रांसफर अर्थात उन्हें वर्तमान हरियाणा कैडर से उत्तर प्रदेश कैडर में स्थायी तौर पर स्थानांतरित करने की अनुसंशा की थी, मगर उसे माना नहीं गया। उस समय रानी के इस्तीफे पर खूब राजनीतिक बवाल मचा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *