सैनिकों और उनके परिवार के कल्याण के प्रति सकारात्मक होनी चाहिए सोच : मनोहर लाल खट्टर

गुरुग्राम: सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सशस्त्र सेना झंडा कोष में दान देकर देश के बहादुर सैनिकों के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री को प्रदेश के सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण राज्यमंत्री ओम प्रकाश यादव ने सशस्त्र सेना का प्रतीक चिन्ह लगाया। यह कार्यक्रम गुरुग्राम के सिविल लाइन स्थित लोक निर्माण विश्रामगृह में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों और उनके परिवार के कल्याण के प्रति सभी की सोच सकारात्मक होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि देश के जवान कठिन परिस्थितियों में अपनी जान की परवाह किए बगैर सीमाओं की रक्षा करते हैं। उन्हीं की बदौलत हम चैन की नींद सो पाते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील किया कि वे स्वेच्छा से सशस्त्र सेनाओं के जवानों के कल्याण के लिए सशस्त्र सेना झंडा कोष में आर्थिक सहयोग दें। इस मौके पर लोक निर्माण विश्रामगृह में गुड़गांव के विधायक सुधीर सिंगला को जिला सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड के सचिव कर्नल (रिटा.) अमन यादव ने झंडा लगाया। जिसके लिए उन्होंने भी झंडा कोष में धनराशि दान दी। विश्रामगृह में मौजूद अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी सशस्त्र सेनाओं का झंडा लगाया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सात दिसंबर का दिन सेना और इसके जवानों के लिए खास माना जाता है। इसकी वजह ये है कि इस दिन भारतीय सेना अपने बहादुर जवानों के कल्याण के लिए देश की जनता से धन संग्रह करती है। इस झंडे में शामिल लाल, गहरा नीला और हल्के नीले रंगों की पट्टियां तीनों सेनाओं को प्रदर्शित करती हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 1949 में पहली बार इस दिन को मनाया गया था और तब से लेकर आज तक यह लगातार मनाया जा रहा है। ओम प्रकाश यादव ने कहा कि इच्छुक व्यक्ति केंद्रीय सैनिक बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर भी आनलाइन अपना सहयोग इसमें कर सकता है। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त अमित खत्री, पुलिस आयुक्त केके राव, निगमायुक्त विनय प्रताप सिंह व एसडीएम जितेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *