टोल प्लाजा के नजदीक किसानों का प्रदर्शन, पुलिस ने किया गिरफ्तार

गुरुग्राम : दिल्ली-जयपुर हाईवे पर खेड़की दौला टोल प्लाजा के नजदीक किसानों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। हालांकि किसानों के पहुंचने के कुछ ही मिनट के भीतर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। सभी को मोकलवास स्कूल में बनाई गई अस्थायी जेल में पूरे दिन रखा गया। शाम को उन्हें निजी मुचलके भरवा कर छोड़ दिया गया।
पिछले एक सप्ताह से कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन एनसीआर के कई इलाकों में चल रहा है। किसानों के समर्थन में अब गुरुग्राम व आसपास के किसान भी प्रदर्शन करने के लिए आगे आने लगे हैं। इसी दिशा में किसान खेड़कीदौला टोल प्लाजा के नजदीक प्रदर्शन करने के लिए पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों में युवा कांग्रेस नेता वर्धन यादव, सपा नेता तेज बहादुर, उमेद मानेसर, मोनू यादव, अरुण यादव, पवन नेहरा एवं राजेश यादव भी शामिल थे। इधर, ट्रेड यूनियन काउंसिल ने भी शुक्रवार को किसानों के आंदोलन के समर्थन में प्रधानमंत्री के नाम जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। सभी ने एक सुर से कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में काउंसिल के सदस्य कामरेड अनिल पंवार, सतबीर सिंह, बलबीर कंबोज, बीएस यादव, कंवरलाल यादव, ऊषा सरोहा, मनोज कुमार, सतीश गुर्जर, विनोद भारद्वाज आदि शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *