यमुनानगर में अनियंत्रित होकर पलटी सवारियों से भरी बस, आठ घायल

यमुनानगर : क्षेत्र में औरंगाबाद पुलिया पर सवारियों से भरी बस पलट गई। जिसमें आठ सवारियां घायल हुई है। यह बस उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से सवारियां लेकर आ रही थी। इसमें अधिकतर फैक्ट्रियों में कार्य करने वाले कामगार व उनके परिवार के लोग थे। राहगीरों व पुलिस ने घायलों को बस से निकाला और उन्हें अस्पताल में भिजवाया। बस में करीब 60 सवारियां थी। अन्य को हल्की चोटें आई हैं।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से निजी बस में कामगारों को लाया जा रहा था। इस बस में पंचकूला, हिमाचल प्रदेश के बद्दी में जाने वाले कामगार थे। सुबह करीब पांच बजे जब बस औरंगाबाद पुलिया के पास पहुंची, तो बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पुलिया से बाई ओर सड़क किनारे पलट गई। जैसे ही बस पलटी चीख पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस व राहगीरों ने मिलकर बस से सवारियों को बाहर निकाला। जिसमें आठ सवारियों को गंभीर चोटें लगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *