पुलिस ने गिरफ्तार किया बच्चों को नहर में फेंकने वाला पिता

करनाल : करनाल के गांव नलीपार के एक व्यक्ति द्वारा घरेलू कलह के कारण गत देर सायं अपने 3 मासूम बच्चों को आवर्धन नहर में फेंक दिए जाने की दर्दनाक घटना के बाद गोताखोर आज दिनभर बच्चों की तलाश में जुटे रहे।
पुलिस ने आरोपी पिता सुशील को गिरफ्तार कर लिया है। बच्चों के ताऊ अनिल ने बताया कि बच्चों का पिता सुशील अकसर घर में छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़ा करता रहता था। मगर इतना नहीं पता था कि वह बच्चों के साथ इतनी बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है। उन्होंने बताया कि घटना में 3 बच्चों शिव कुमार (8), जान्हवी (5) व देव (3) को परिवार ने खो दिया है।
बताया गया है कि कल फिर से पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी देर सायं बच्चों को कुछ सामान दिलाने के लिए घर से ले गया और तीनों को नहर में फेंककर वापस घर लौटा। आरोपी ने खुद परिजनों को बताया कि वह बच्चों को नहर में फेंक आया है। इसके बाद गांव में हड़कम्प मच गया और देर रात तक ग्रामीण नहर पर बच्चों की खोज में जुटे रहे। आज सुबह प्रशासन द्वारा सर्च अभियान शुरू किया गया। गोताखोरों द्वारा डीएसपी व तहसीलदार करनाल की उपस्थिति में सुबह से ही सर्च किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *