बंदरो पर अत्याचार, आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद: सेक्टर-58 थाना क्षेत्र स्थित राजीव कॉलोनी में एक व्यक्ति ने घर में दो बंदरों को खिड़की से बांध रखा था। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना वन्य जीव संरक्षण विभाग को दे दी। विभाग के अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों बंदरों को मुक्त करा दिया गया। आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वन्य प्राणी विभाग के निरीक्षक चरण सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्हें सूचना मिली कि सेक्टर-58 राजीव कॉलोनी में हनीफ खान नाम के व्यक्ति ने दो बंदरों को बांधकर रखा है। वह उन्हें समय पर भोजन भी नहीं देता और डंडों से पीटता है। चरण सिंह ने सेक्टर-58 थाना पुलिस के साथ मिलकर बताई गई जगह छापेमारी की। वहां हनीफ खान के मकान में दो बंदर खिड़की से बंधे हुए थे। हनीफ ने कहा कि ये बंदर उसके हैं, वह बंदरों से खेल तमाशा दिखाता है।
पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। बंदरों को मुक्त कराकर जंगल में छोड़ा गया है। निरीक्षक चरण सिंह ने बताया कि वन्य प्राणी अधिनियम के तहत बंदर, भालू जैसे जंगली जानवरों को बांधकर रखना और उनसे खेल तमाशा आदि दिखाना गैर कानूनी है। ऐसा करने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाती है।