गुरुग्राम में 66केवी बिजली लाइन से बच्ची झुलसी
गुरुग्राम : पटेल नगर कालोनी के ऊपर से गुजर रही बादशाहपुर से गुरुग्राम जाने वाली 66केवी बिजली लाइन से एक बच्ची बुरी तरह झुलस गई। बच्ची को गंभीर हालत में शीतला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्ची आइसीयू में उपचाराधीन है। लोगों में इस लाइन को लेकर हमेशा खतरा मंडराता रहता है। बृहस्पतिवार शाम को हादसा होने के बाद कालोनी के लोग फिर से दहशत में हैं।
शहर में बिजली आपूर्ति के लिए बादशाहपुर 220 केवी सब-स्टेशन से 66 केवी लाइन पटेल नगर के ऊपर से गुजर रही है। पटेल नगर के दयाराम यादव की बेटी अपने मायके आई हुई है। उनकी 8 वर्षीय बेटी यशिका बृहस्पतिवार शाम अपनी छत पर टहलते हुए चली गई। छत पर जाने के बाद बच्ची को जोरदार करंट लगा। करंट से वह पूरी तरह झुलस गई। परिवार के लोगों ने काफी देर बाद बच्ची को देखा। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पटेल नगर कालोनी आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष दीपचंद ने बताया कि बच्ची की हालत काफी गंभीर है। वह आईसीयू में भर्ती है।
घरों के ऊपर से जाने वाली इस लाइन को बदलने के लिए लोग काफी दिनों से संघर्ष कर रहे हैं। इस लाइन को बदलने के लिए 2 साल पहले नगर निगम ने बिजली निगम को इसका पूरा खर्चा चार करोड़ दस लाख रुपया भी जमा करा दिया। बिजली निगम के अधिकारी इस लाइन के प्रति जरा भी गंभीर नहीं है।
दीपचंद ने बताया कि इस लाइन से कालोनी में कई हादसे हो चुके हैं। बिजली निगम के अधिकारियों से बार-बार लाइन को हटाने की गुहार की जा चुकी है। कोई भी अधिकारी इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। लोग घरों की छतों पर भी जाने से कतराते हैं। कई हादसे होने के बाद भी बिजली निगम के अधिकारी इस लाइन को हटाने में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।