गुरुग्राम और फरीदाबाद पुलिस ने ’हर घर लक्ष्मी’ अभियान के तहत जागरूकता फैला मनाई दीवाली

-दीपावली का यह पावन पर्व शान्ति व समृद्धि के साथ मनाने के साथ दी पुलिस ने लोगों को शुभकामनाएं।
गुरुग्राम : एक तरफ जहाँ लोग अपने घरों में श्री लक्ष्मी जी के आगमन के लिए सजावट और पाठ पूजा करने में व्यस्त दिखे, वहीं गुरुग्राम और फरीदाबाद पुलिस ने शुक्रवार को ’हर घर लक्ष्मी’ विशेष अभियान चलाकर लोगों में जागरूकता फैलाते हुए दिवाली मनाई। इस दौरान महिला पुलिस, थाना प्रभारियों और दुर्गा शक्ति की टीमों ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा किया। इस अभियान के अंतर्गत महिला पुलिस की टीम ने शहर के कुछ घरों में जाकर दिवाली की बधाई दी और उन्हें ’हर घर लक्ष्मी’ के बारे में अवगत कराया।
गुरुग्राम पुलिस ने जिले भर में महिलाओं को दुर्गा शक्ति एप्प एवं महिला पुलिस थाना के बारे में जागरूक भी किया। महिला पुलिस थानों के प्रभारियों ने बताया कि महिला सुरक्षा किसी भी प्रदेश व देश के विकास के लिए बहुत एहिमियत रखता है। महिलाएं दुर्गा शक्ति एप को मोबाइल में डाउनलोड कर किसी भी परिस्थिति में इस्तेमाल करके पुलिस की मदद मांग सकती है। कोई भी महिला अगर उनके पास किसी प्रकार की राय भी लेना चाहे तो उनका स्वागत है। हम सभी साथ मिलकर अपने प्रदेश व देश को और भी बेहतर जगह बना सकते हैं।
फरीदाबाद जिले की महिला थाना पुलिस और दुर्गा शक्ति रैपिड एक्शन फोर्स ने शहर के कुछ घरों में जाकर घरों में मौजूद लोगों को दिवाली के शुभ अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए उन्हें औरतों के मान-सम्मान और प्रतिष्ठा के बारे में जानकारी दी है।
घर में मौजूद पुरुषों को बताया गया कि घर में मौजूद औरत ही लक्ष्मी है। औरतों का सम्मान करें और उनकी इज्जत करें। एक तरफ जहाँ लोग अपने घर में लक्ष्मी के आगमन के लिए सजावट और पाठ पूजा करने में व्यस्त दिखे, वहीं फरीदाबाद पुलिस ने शुक्रवार को ’हर घर लक्ष्मी’ के बारे में जागरूकता फैलाते हुए दिवाली मनाई।
’हर घर लक्ष्मी’ क्या है?
गुरुग्राम पुलिस का ’हर घर लक्ष्मी’ अभियान कहता है कि हमारे घर की महिलाएं ही लक्ष्मी माँ का प्रतीक है। सभी को उनको हमेशा खुश रखना चाहिए ताकि घर में सुख एवं समृद्धि प्राप्त हो सके और यह लक्ष्मी हम सबके घरों में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *