गज़ब का जुनून : आजाद हिंद फौज के गुमनाम फौजियों की तलाश में जुटे है श्रीभगवान फोगाट

-गुमनाम फौजियों के परिजनों को न्याय दिलाने में जुटे
-फोगाट का आरोप : राष्ट्रीय अभिलेखागार से रिकॉर्ड मिलने के बाद भी सरकार नहीं कर रही कोई
कार्यवाही
गुरुग्राम : देश को आजाद कराने में आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाषचंद्र बोस की अगुवाई में देश के विभिन्न प्रदेशों के युवाओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया था। देश के विभिन्न प्रदेशों विशेषकर हरियाणा, पंजाब, उत्तरप्रदेश, राजस्थान आदि प्रदेशों के युवा आजाद हिंद फौज के सिपाही बने थे। गुरुग्राम से भी बड़ी संख्या में आजाद हिंद फौज के सिपाही रहे हैं। आजाद हिंद फौज में किस क्षेत्र के
कितने जवान शहीद हुए और उनकी पहचान क्या थी, इस सबका बीड़ा रेवाड़ी के श्रीभगवान फोगाट ने उठाया हुआ है।
उनका कहना है कि उनके पिता रामसिंह स्वतंत्रता सैनानी रहे हैं। अपने पिता का रिकॉर्ड जुटाने में उन्हें बड़ी मेहनत करनी पड़ी थी। उनका कहना है कि उन्हें राष्ट्रीय अभिलेखागार से ऐसे दस्तावेज मिले थे कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान ब्रिटिश सेना में भर्ती हुए हजारों भारतीय जवान अंग्रेजों से बगावत कर आजाद हिंद फौज में शामिल हो गए थे। फोगाट का कहना है कि इनमें से सैकड़ों जवानों को गुमनाम मान लिया गया था। देश आजाद होने के 70 साल बाद भी लोगों को अपने दादा-परदादा के बारे में किसी प्रकार की कोई जानकारी नहीं है। यदि उन्हें यह जानकारी मिल जाए कि उनके पूर्वज ब्रिटिश सेना में साधारण सिपाही ही नहीं थे, अपितु वे स्वतंत्रता सेनानी थे तो उनका सीना गर्व से फूल जाएगा।
इसी को लेकर उन्होंने पिछले कई वर्षों से यह बीड़ा उठाया हुआ है। यदि सरकार से समुचित सहायता मिल जाए तो असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को उनका हक दिलाया जा सकता है। उनका कहना है कि ब्रिटिश आर्मी ने हिंद फौज के एक-एक सिपाही का रिकॉर्ड रखा था। अब यह रिकॉर्ड सार्वजनिक हो चुका है। यदि केंद्र व प्रदेश के संबंधित अधिकारी थोड़ा प्रयास करें तो यह रिकॉर्ड उपलब्ध कराया जा सकता है। श्रीभगवान फौगाट का कहना है कि हरियाणा के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया था और आजाद हिंद फौज में रहकर देश को आजाद कराने में अपनी कुर्बानियां दी थी। राष्ट्रीय अभिलेखागार में इनकी कुर्बानी के सबूत तो अवश्य मिल गए, लेकिन परिजनों को अभी तक सरकारी प्रमाण पत्र नहीं मिल सका है। इसी को लेकर उन्होंने यही बीड़ा उठाया हुआ है। प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव से लेकर केंद्र सरकार के गृह विभाग तक वे इसके लिए
कार्यवाही करते रहे हैं।
जिले के उपायुक्तों द्वारा तो कार्यवाही कर दी जाती है, लेकिन सरकारी स्तर पर कार्यवाही में बहुत समय लग रहा है। इस संबंध में उन्होंने उपायुक्तों को ज्ञापन भी सौंपे हैं। उपायुक्त प्रदेश सरकार को समय-समय पर रिमाइंडर भी भेजते रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान होता दिखाई नहीं दे रहा है। उनका कहना है कि वे हार मानने वाले नहीं हैं। आजाद हिंद फौज के गुमनाम फौजियों के परिजनों को उनका हक दिलाकर ही रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *