योगी के बाद हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज भी ‘‘लव जिहाद’’ के खिलाफ कानून लाने के पक्ष में
चंडीगढ़ : यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के बाद हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्य सरकार ‘‘लव जिहाद’’ के खिलाफ कानून लाने पर विचार कर रही है। विज ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘हरियाणा में लव जिहाद के खिलाफ कानून बनाने पर विचार किया जा रहा है।’’ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा था कि वह ‘लव जिहाद’ को सख्ती से रोकने के लिए प्रभावी कानून बनाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी थी कि जो लोग बहू-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ करते हैं, वे अगर सुधरे नहीं तो ‘राम नाम सत्य है’ की उनकी अंतिम यात्रा निकलने वाली है।
उत्तर प्रदेश के देवरिया और जौनपुर में उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए योगी ने कहा था कि ‘लव जिहाद’ में शामिल लोगों के पोस्टर चौराहों पर लगाए जाएंगे। पिछले सप्ताह हरियाणा के बल्लभगढ़ में कॉलेज की 21 वर्षीय छात्रा निकिता की एक व्यक्ति ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतका के परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपी व्यक्ति उसपर शादी करने के लिए इस्लाम अपनाने का दबाव बना रहा था।