12 वर्ष पहले हुई पिटाई, अब गोली मारकर लिया बदला

पानीपत : 12 वर्ष पहले पिटाई हुई थी। उस घटना को कभी भूल नहीं सका। उस पिटाई की वजह से गांव तक छोड़कर चला गया। अपना धर्म बदल लिया। कुछ साल बाद लौटा, तब भी दिल में रंजिश पाले हुए थे। मौका ढूंढ रहा था पिटाई करने वालों को सबक सिखाने के लिए। आखिरकार शनिवार को उसी मजदूर ने तमंचे से एक की गोली मारकर हत्या कर दी। दूसरे को भी गोली मारी। वह गंभीर रूप से घायल है। किराना स्टोर संचालक मेहर सिंह की मौत हो गई है। मेडिकल स्टोर संचालक आजाद अस्पताल में भर्ती है। आरोपित को लोगों ने पकड़ लिया। हालांकि एक दुकानदार समुंद्र सिंह के माथे पर उसने तमंचा लगा दिया था लेकिन वह घबराए नहीं। उसे काबू कर ही लिया। वारदात रात करीब आठ बजे फ्लौरा चौक पर हुई। फ्लौरा चौक के निकट हिदुस्तान ट्रेडर्स फैक्ट्री के पास बालाजी किराना स्टोर संचालक मच्छरौली निवासी 50 वर्षीय मेहर सिंह दुकान पर बैठे थे। तभी एक अधेड़ सुरेंद्र उर्फ शाहिद ने वहां आकर मेहर सिंह पर गोली दाग दी। गोली गर्दन के पास लगी, जिससे मेहर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपित खुद ही दुकान का शटर नीचे करके फ्लौरा चौक की तरफ चल पड़ा। 100 मीटर दूर आजाद केमिस्ट की दुकान पर पहुंच उसने संचालक आजाद पर गोली चला दी। आजाद ने बचने की कोशिश की तो गोली उसके कंधे में जा लगी और हड्डी के पार निकल गई।
पुलिस के मुताबिक सिवाह का सुरेंद्र खेत में मजदूरी करता था। उससे खेत की मेढ़ टूट गई थी। आजाद के खेत में पानी चला गया। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि तब आजाद और मेहर सिंह ने सुरेंद्र की पिटाई कर दी थी। इस पिटाई से वो इतना आहत हुआ कि घर से भाग गया। मेरठ में रहने लगा। वहां उसने अपना नाम शाहिद रख लिया। कुछ साल पहले वापस लौटा। पत्नी और बच्चों को भी मुस्लिम बनने के लिए कहा। पत्नी नहीं मानी। वह बच्चों के साथ सिवाह में रहती है। तब से ही शाहिद फ्लौरा चौक के पास रहने लगा। फैक्ट्री में मजदूरी करता है। उस पिटाई का बदला लेना चाहता था। बाजार में तंज कसा जाता था
आरोपित शाहिद मास्क नहीं लगाता था। पुलिस को बताया कि उस दिन पिटाई के बाद जब वह वापस लौटा तब भी उस पर तंज कसे जाते थे। आखिर उसने इन दोनों की हत्या करने की साजिश बना ली। तमंचा ले आया था। उसी से गोली चलाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *