तलाक की बजाय कर दिया खर्च का केस, पत्नी को मरवा दी गोली

पानीपत: पति तलाक मांग रहा था। पत्नी ने तलाक न देकर कोर्ट में खर्च देने का केस कर दिया। आरोप है कि इसी से खफा पति ने दो युवकों को भेजकर पत्नी को दो गोलियां मरवा दी। एक गोली छाती और दूसरी जांघ के पास लगी। गोली जिगर को फाड़कर पेट से पार निकल गई। दूसरी गोली भी पार हो गई। महिला का ऑपरेशन किया गया है। हालत गंभीर बनी हुई है। पड़ोस की एक महिला को गोली चलने की आवाज तो आई, लेकिन किसी आरोपित को भागते नहीं देखा। पुलिस की दो टीमें आरोपितों की सोनीपत में तलाश कर रही हैं। मौके से एक खोल बरामद किया है। घटना वीरवार सुबह 7:30 बजे की है। पानीपत की न्यू हाउसिग बोर्ड कालोनी के संदीप मखीजा ने पुलिस को शिकायत दी कि 15 साल पहले उसकी बहन रंजना (45) की शादी बापौली के राजकुमार उर्फ राजू के साथ हुई थी। बहन की पति के साथ अनबन चल रही है। कोर्ट में केस चल रहा है। कोर्ट के आदेश पर बहन को घर में एक कमरा मिला हुआ है। बहन ने सुबह काल कर बताया कि उसे दो युवकों ने गोली मार दी है। युवकों ने गोली मारकर कहा था कि उनको राजकुमार (पति) ने भेजा है। बहन ने बताया कि वह ऑटो से पानीपत आ रही है। घायल बहन उसे सनौली रोड शिव चौक पर मिली।
उसने बहन को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से डाक्टरों ने जान का खतरा बताकर पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया। बाद में बहन को प्रेम अस्पताल में दाखिल कराया है। आरोपित युवकों और राजकुमार को गिरफ्तार किया जाए। सूचना मिलते ही थाना बापौली प्रभारी एसआइ रामनिवास व एफएसएल टीम ने घटनास्थल का जायजा लेकर खून के नमूने और गोली का खोल बरामद किया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे की जांच कर हमलवारों का पता लगा रही है। एसआइ रामनिवास ने बताया कि रंजना को गोली मारने के मामले में दो युवकों व राजकुमार के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *