सोहना में गर्म तेल की कढ़ाई में गिरे दो मासूम, दिल्ली भर्ती
सोहना। गर्म तेल की कढ़ाई में गिरे मासूमों का इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में कराया जा रहा है। दोनों मासूमों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। दोनों मासूम प्रसाद बनाने के लिए गर्म की जा रही कढ़ाई में खेलने के दौरान गिर गए थे।
शनिवार को गांव दौला में नवरात्र में देवी का जागरण हुआ। जागरण में शामिल होने के लिए आयोजक ने अपने रिश्तेदारों को भी बुलाया। जागरण में प्रसाद बनाने के लिए हलवाई कढ़ाई में तेल गर्म कर रहा था। बताया जा रहा है कि यहीं पर दो मासूम बच्चे अचानक गर्म तेल की कढ़ाई में जा गिरे। हालांकि आनन-फानन में दोनों मासूमों को हलवाई और उसके पिता ने निकाल लिया, लेकिन तब तक करीब 20 फीसदी से अधिक बच्चे झुलस गए। दोनों मासूमों की उम्र तीन से चार वर्ष के बीच की बताई जा रही है। तुरंत ही दोनों पीड़ित बच्चों को पहले सोहना के नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया, लेकिन यहां से डॉक्टरों ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों बच्चों के खतरे से बाहर है।
जैसे ही दौला गांव में कढ़ाई में दो मासूम बच्चों के गिरने से झुलस जाने बात पता चली तो गांव के लोगों ने भी देवी का प्रसाद बनाना बंद कर दिया। पूरे गांव के लोग घटना के बाद से चिंतित हैं। बच्चों का हाल-चाल लेने में लगे हैं।