पहले पैर छुए फिर ठग लिए कंगन
बल्लभगढ़। आदर्श नगर थाना क्षेत्र में स्कूटी पर सवार होकर आए ठग ने एक महिला से नमस्ते की और पैर छूकर महिला को बातों में उलझा लिया। देखते ही देखते ठग महिला के सोने के कंगन लेकर फरार हो गया। आदर्शनगर पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहना रोड निवासी राममूर्ति देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने घर के बाहर बैठी थी। तभी स्कूटी से एक युवक आया। उसने हेलमेट लगाया हुआ था। आते ही उसने नमस्ते की, उनके पैर छूए। इसके बाद बातों में उलझाकर उनसे सोने के कंगन उतरवा लिए और फरार हो गया। आरोपी के जाने के बाद राममूर्ति को ठगी का एहसास हुआ और पुलिस को शिकायत दी।